सना खान इंडस्ट्री छोड़कर भले ही शोबिज से दूर हो गई हैं. लेकिन सोशल मीडिया पर वो सुपर एक्टिव हैं. सना एक्टिंग से दूर होने के बाद अब लोगों को इस्लाम धर्म के बारे में जानकारी देती हैं. वो लोगों को इस्लाम की राह पर चलने की हिदायत भी देती हैं. अब सना ने कयामत और कब्र को लेकर वीडियो शेयर किया है, जिसने लोगों के बीच हलचल मचा दी है.
कयामत को लेकर क्या बोलीं सना?
सना ने लोगों सचेत करते हुए कहा कि आज के दौर में कोई किसी की परवाह नहीं करता, कोई किसी को याद नहीं करता, इसलिए दूसरे लोगों के बारे में सोचना छोड़ दें, बल्कि अपने आखिरी वक्त और कब्र की तैयारी करने पर ध्यान दें.
सना खान वीडियो में कहती दिखीं- आपको क्या लगता है कि आपके मरने के बाद आपकी औलाद, आपके रिश्तेदार, आपके घरवाले कुरान पढ़कर आपको सवाब पहुंचाएंगे. जो औलाद आपके कहने पर नमाज तक नहीं पढ़ती वो औलाद आपके लिए कुरान क्या ही पढ़ेगी. ये रिश्तेदार आपके लिए दुआ करेंगे, जिनके दुनिया के झगड़े ही आपके साथ खत्म नहीं हो रहे.
सना आगे बोलीं-खुलूस (साफ दिल) का जमाना चला गया. कयामत नजदीक आ रही है. हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल है. अपनी कब्र की तैयारी कर लें. जब लोग जिंदा इंसान को याद नहीं रखते, तो मरने के बाद कौन किसे याद रखेगा. सब भूल जाते हैं. अपनी कब्र, अपनी आखिरत (मौत के बाद की जिंदगी) की तैयारी खुद आज से ही कर लें.
कयामत और कब्र को लेकर सना खान का वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. कयामत की बात सुनकर कुछ लोगों के अंदर डर का माहौल है. वहीं, कई यूजर्स सना के मैसेज की सराहना कर रहे हैं.
सना ने शोबिज से बनाई दूरी
सना खान की बात करें तो उन्होंने साल 2020 में इस्लाम की राह पर चलने के लिए एंटरटेनमेंट की दुनिया को हमेशा के लिए छोड़ दिया था. सना ने फिर इस्लामिक स्कॉलर मुफ्ती अनस सैयद से शादी करके घर बसा लिया. अब वो दो बेटों की मां हैं. परिवार संग खुशहाल जिंदगी जी रही हैं.