कुछ दिन पहले रितेश देशमुख के रियलिटी शो बिग बॉस मराठी के छठवें सीजन का फिनाले हुआ, जिसे एक्ट्रेस-मॉडल तन्वी कोलते ने जीता. इस शो में उनका गेम शुरुआत से काफी जोरदार था. वो हर टास्क की क्वीन कहलाई जाती थीं. मगर शो में राकेश बापट एक ऐसे कंटेस्टेंट थे, जो शुरू से विनर कहलाए गए.
राकेश बापट ने बिग बॉस मराठी सीजन 6 में अपना जेंटलमैन गेम दिखाया. वो किसी से ज्यादा लड़ाई-झगड़ा किए बिना गेम में आगे बढ़ते रहे. फिनाले से पहले उनकी जीत पक्की पाई गई, लेकिन रिजल्ट उनके पक्ष में नहीं आया. वो तीसरी बार बिग बॉस शो में आए थे, और बिना ट्रॉफी जीते घर चले गए.
शो से बाहर आने के बाद राकेश की हुई तारीफ
राकेश ने शो से बाहर आने के बाद फ्री प्रेस जर्नल से बातचीत के दौरान अपनी बिग बॉस जर्नी पर बात की थी. एक्टर ने बताया कि शो में उनका गेम देखकर एक्स-वाइफ एक्ट्रेस रिद्धि डोगरा काफी खुश हुईं. उन्होंने राकेश के जेंटलमैन टाइप गेम की काफी तारीफ की. एक्ट्रेस के बारे में बोलते हुए राकेश ने कहा, 'रिद्धि काफी खुश थीं. वो मेरे लिए चीयर कर रही थी. वो हमेशा से सपोर्टिव रही है, हम दोनों एक-दूसरे को हमेशा सपोर्ट करते आए हैं.'
राकेश ने आगे बताया कि जब वो शो से बाहर आए, तो रिद्धि ने उनसे क्या कहा. एक्टर ने कहा- रिद्धि ने मुझसे कहा कि राकेश तुमने कितना अच्छा किया है. लगा नहीं था कि तुम एक जेंटलमैन की तरह गेम खेलोगे. उसे मुझपर काफी गर्व महसूस हुआ था.'
राकेश-रिद्धि का रिश्ता
राकेश बापट और रिद्धि डोगरा एक वक्त पर टीवी इंडस्ट्री का पावर कपल माना जाता था. उनका रिश्ता साल 2010 के दौरान एक सीरियल की शूटिंग के दौरान शुरू हुआ. कुछ समय तक डेटिंग के बाद, दोनों ने साल 2011 में शादी की. राकेश और रिद्धि एक समय पर टीवी रियलिटी शो नच बलिए में भी नजर आए थे.
लेकिन शादी के कुछ सालों बाद, दोनों के रास्ते अलग हो गए. काफी सालों तक साथ रहने के बाद, साल 2019 में उनका तलाक हुआ. मगर एक-दूसरे के लिए उनकी इज्जत कभी कम नहीं हुई. राकेश और रिद्धि कभी एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए नहीं दिखे हैं. वो अपनी-अपनी जिंदगी में अब खुशी से आगे बढ़ चुके हैं.