राम कपूर टीवी के जाने-माने एक्टर हैं. राम इस समय 'लॉक अप' शो में दिखाई दे रहे हैं. शो के थर्ड एपिसोड में राम कपूर ने शादी में चीटिंग को लेकर ऐसा बयान दे दिया है, जिसपर उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा रहा है.
दरअसल, शो में श्रेया कालरा ने राम से सवाल किया कि क्या किसी इंसान को धोखा मिलने के बाद दूसरे ऑप्शन्स की तलाश करनी चाहिए और अपने पार्टनर से अलग हो जाना चाहिए? श्रेया ने आगे कहा कि एक बार जब भरोसा टूट जाता है, तो पार्टनर के साथ फिर से जुड़ना काफी मुश्किल हो सकता है.
श्रेया की बात पर राम कपूर ने कहा कि इंसान को अपने रिश्ते को फिर से बनाने को कोशिश करनी चाहिए. राम ने तर्क देते हुए कहा कि अगर कोई कपल एक-दूसरे से सच्चा प्यार करता है, तो धोखा मिलने पर रिश्ता नहीं टूटना चाहिए.
शादी और बेवफाई पर बात करते हुए राम बोले- आपको अपने उसी कनेक्शन को फिर से ढूंढना चाहिए. अगर आप अपने पार्टनर से सचमुच प्यार करते हैं, तो कोई भी चीज रिश्ता नहीं तोड़ सकती. शादी चैलेंजिंग होती है और यह एक सफर की तरह है. आपको हर दिन अपनी शादी को सफल बनाने के लिए काम करना पड़ता है.
शादी में चीटिंग को लेकर राम कपूर बोले- कभी-कभी शादी के 20-25 सालों के दौरान रिश्ते में कई उतार-चढ़ाव आते हैं. अच्छे दौर और बुरे दौर आते हैं.
'बुरे दौर में अगर गलती से किसी एक पार्टनर से कुछ गलती हो जाए और अगर आप उनके बगैर नहीं जी सकते और अपने बच्चों के बगैर नहीं जी सकते, तो समय सब कुछ ठीक कर देता है. कोई भी बात रिश्ता नहीं तोड़ सकती. कभी-कभी इंसान से गलती से हो जाती है.'
हालांकि, शादी में चीटिंग को जस्टिफाई करने से आकांक्षा चमोला सहमत नहीं हुईं. उन्होंने कहा कि शारीरिक संबंध कभी भी गलती से नहीं बन सकते, फिजिकल रिलेशन सोच-समझकर बनाए जाते हैं, क्योंकि इसमें दो लोगों की मर्जी शामिल होती है.
राम कपूर इससे पहले टीवी शो 'बड़े अच्छे लगते हैं' में साक्षी तंवर संग 17 मिनट का इंटीमेट सीन्स देकर ट्रोल्स के निशाने पर रह चुके हैं. उस वक्त भी उन्हें लोगों ने खरी-खोटी सुनाई थी.