टीवी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी की जिंदगी खुशियों से भर गई है. एक्ट्रेस ने शादी के 10 साल बाद 26 मई को जुड़वा बेटों का वेलकम किया.
दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया ने अब घर में अपने जुड़वा बच्चों का नामकरण संस्कार किया. इस खास मौके पर एक्ट्रेस ने अपने घर में सत्यनारायण की पूजा भी रखी.
दिव्यांका ने बताया कि उनकी डिलीवरी को सवा महीना पूरा हो गया है. एक्ट्रेस ने कहा कि उनके घर में रिवाज है कि डिलीवरी के बाद बेबीज के मम्मी-पापा सवा महीने से पहले घर में पूजा नहीं करते और मंदिर में दीया भी नहीं जलाते. लेकिन अब वो पूजा-पाठ कर सकती हैं.
दिव्यांका ने यह भी बताया कि करीब एक साल पहले उन्होंने घर में सत्यनारायण की पूजा की थी, तब उन्होंने भगवान से बेबी मांगा था और उनकी मुराद पूरी हो गई. उनके घर एक साथ दो बच्चे आ गए हैं. इसलिए अब वो फिर से सत्यनारायण की पूजा करवा रही हैं.
बच्चों की नामकरण सेरेमनी और सत्यनारायण की पूजा में दिव्यांका ने पैरों में आलता भी लगाया. जुड़वा बच्चों के पैरों में भी आलता लगाया. दिव्यांका और विवेक ने फिर पूरे विधि-विधान से सत्यनारायण की पूजा की.
दिव्यांका के पति विवेक ने पान के पत्ते पर अष्टगंध से पहले बड़े बेटे का नाम लिखा. फिर छोटे बेटे का नाम लिखा.
विवेक ने फिर दोनों बच्चों के कान में उनका नाम बताया और फिर दोनों बेटों के कान में परिवार के बाकी सभी सदस्यों के नाम भी बताए. इसके बाद कपल ने मिलकर आरती की.
दिव्यांका ने व्लॉग में कहा कि उन्होंने अपने दोनों बच्चों के नाम काफी ध्यान से सोच समझकर रखे हैं. उन्होंने बच्चों की झलक भी दिखाई. हालांकि, चेहरा कैमरे पर रिवील नहीं किया.
वहीं, एक्ट्रेस के बच्चों के नाम पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है. दिव्यांका और विवेक ने कहा कि उन्होंने अपने दोनों बच्चों के नाम तो रख दिए हैं, लेकिन वो ऑफिशियली रिवील अगले व्लॉग में करेंगे. तब तक आप सभी को थोड़ा इंतजार करना होगा.
दिव्यांका और विवेक की बात करें तो शादी के 10 साल बाद जु़ड़वा बच्चों के पेरेंट बनकर उनकी जिंदगी खुशियों से भर गई है. दोनों अपने बच्चों संग खुशहाल लाइफ जी रहे हैं.
(Photos: Instagram @divyankatripathidahiya, Youtube Screengrab)