अटकलों पर यकीन करें तो बॉलीवुड के सबसे चर्चित कपल रणबीर कपूर और कटरीना कैफ की सगाई हो गई है. अंग्रेजी वेबसाइट 'टाइम्स ऑफ इंडिया' ने दोनों सितारों के एक करीबी सूत्र के हवाले से खबर दी है कि रणबीर और कटरीना की सगाई 30 दिसंबर 2014 को लंदन में हो चुकी है.
वेबसाइट ने लिखा है कि कटरीना क्रिसमस मनाने के लिए पहले से लंदन में थीं. बाद में रणबीर भी वहां पहुंचे और चुनिंदा दोस्तों और कटरीना के परिवार की मौजूदगी में दोनों ने अंगूठियां बदलीं. यहां तक कि इस छोटे से समारोह के लिए मेहमानों को लाने और छोड़ने का इंतजाम भी पहले से किया गया था.
सूत्र ने बताया कि दोनों सितारे इस साल मई के बाद शादी कर सकते हैं. फिलहाल दोनों अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं. वैसे आपको बता दें कि 23 दिसंबर को जब कटरीना से एक पत्रकार ने इस बारे में पूछा था तो उनका जवाब था, 'नहीं, यह बात बिल्कुल भी सही नहीं है.'
बॉलीवुड खबरों की वेबसाइट 'Bollywoodmantra.com' पर छपी खबर के मुताबिक, समारोह को कटरीना के परिवार ने आयोजित किया था, जो लंदन में ही रहता है. इसमें भारत से रणबीर के माता-पिता नीतू और ऋषि कपूर भी लंदन पहुंचे.
'Deccanchronicle.com' पर रणबीर और कटरीना को न्यूयॉर्क शहर में पार्टी करते देखा गया. इस दौरान फैंस ने उनकी तस्वीरें लीं और सोशल मीडिया पर शेयर भी कीं. रणबीर, कटरीना और अयान मुखर्जी तीनों कथित रूप से न्यूयॉर्क के स्टैंडर्ड होटल में नए साल का जश्न मनाते देखे गए. यहां सिंगर रीटा ओरा ने परफॉर्मेंस भी दी थी.