अमिताभ बच्चन के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उनके फैन्स लगातार महानायक के लिए दुआ कर रहे हैं. अमिताभ ने शनिवार रात ट्वीट कर अपने कोरोना पॉजिटिव होने के बारे में बताया था. इसके बाद से ही फैन्स के कमेंट्स और दुआओं का सिलसिला चल निकला है.
अमिताभ के बेटे अभिषेक बच्चन, बहू ऐश्वर्या राय बच्चन और पोती आराध्या बच्चन को भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है. ऐसे में देशभर
के कई शहरों में फैन्स अमिताभ और उनके परिवार के लिए पूजा-आराधना कर
रहे हैं.
फैन्स अपने फेवरेट सितारे की सलामती के लिए पूजा-पाठ से लेकर यज्ञ तक कर रहे हैं. अब इसकी फोटोज और वीडियो भी आ गई हैं. इसमें आप अमिताभ की बड़ी-बड़ी फोटोज को देख सकते हैं.
कोलकाता में अमिताभ बच्चन के जल्द ठीक होने के लिए पूजा और यज्ञ का आयोजन किया गया है. कोलकाता के श्यामबाजार में रहने वाले लोगों ने अमिताभ बच्चन के लिए शिव मंदिर में यज्ञ किया.
इसके अलावा ऑल सेलेब्रिटी फ्रेंड्स क्लब के सदस्यों ने भी बेहाला के चौरास्ता एरिया में पूजा रखी. इन फोटोज में आप एक फैन और उसके परिवार को यज्ञ करते देख सकते हैं.
कोलकाता के अलावा मुंबई और मध्यप्रदेश में भी अमिताभ बच्चन के लिए पूजा पाठ करवाया जा रहा है. मध्यप्रदेश स्थित उज्जैन के मंदिर में अमिताभ और अभिषेक बच्चन के लिए स्पेशल पूजा की गई.
वहीं मुंबई के कांदीवली में महामृत्युंजय जाप किया गया. अमिताभ बच्चन के फैंस उनके पोस्टर लगाकर, हाथ में फोटो लेकर अमिताभ बच्चन को कोरोना से जल्द मुक्ति मिले इसलिए जाप करते नजर आए.
अमिताभ के फैंस का कहना है कि मेगास्टार शुरू से ही कोरोना की इस लड़ाई
में शामिल रहे हैं और लोगों को इससे बचने के लिए सलाह देते और जागरूकता फैलाते रहे हैं. ऐसे
में उनका हौसला बढ़े इसलिए महामृत्युंजय जाप का आयोजन किया गया है.
बता दें कि शनिवार शाम हल्के बुखार के चलते अमिताभ बच्चन मुंबई के नानावटी अस्पताल गए थे. वहीं उनका कोरोना टेस्ट हुआ और पॉजिटिव पाया गया था.
अमिताभ के बाद उनके परिवार का टेस्ट भी हुआ, जिसमें अभिषेक बच्चन पॉजिटिव निकले. इसके बाद रविवार को ऐश्वर्या राय बच्चन और आराध्या बच्चन का टेस्ट भी पॉजिटिव आया. हालांकि जया बच्चन का टेस्ट नेगेटिव आया है.