scorecardresearch
 

पवन सिंह का तेलुगु सिनेमा में 'पावरफुल' डेब्यू, Touch Buddy गाने से उड़ाया गर्दा

'टच बडी' गाना, दर्शकों के लिए एक पावर-पैक्ड म्यूजिकल ट्रीट है. ये गाना रिलीज होते ही वायरल हो गया है. इस धांसू गाने को पवन सिंह और जोनिता गांधी के पावरफुल डुओ ने गाया है. वीडियो में पहली बार पवन सिंह को तेलुगु भाषा में गाते सुना जा सकता है.

Advertisement
X
भोजपुरी छोड़ तेलुगु में गाना गा रहे पवन सिंह (Photo: Instagram/@adivisesh)
भोजपुरी छोड़ तेलुगु में गाना गा रहे पवन सिंह (Photo: Instagram/@adivisesh)

तेलुगु स्टार अदिवि सेश की नई फिल्म 'डकैत' का इंतजार फैंस को बेसब्री से है. जिस दिन से फिल्म के मेकर्स ने ऐलान किया है कि इसके नए गाने में भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह होंगे तब से फैंस के बीच इसे लेकर हलचल मची हुई है. अब ये नया गाना रिलीज हो गया है. इसका नाम है- टच बडी. गाने के वीडियो में साउथ के स्वैग किंग अदिवि सेश और सेंसेशनल हिटमेकर जोनिता गांधी भी हैं.

'टच बडी' गाना, दर्शकों के लिए एक पावर-पैक्ड म्यूजिकल ट्रीट है. हाल ही में इसका टीजर रिलीज हुआ था, जिससे इंटरनेट पर इसे लेकर हाइप बढ़ गई थी. अब ये गाना रिलीज होते ही वायरल हो गया है. इस धांसू गाने को पवन सिंह और जोनिता गांधी के पावरफुल डुओ ने गाया है. वीडियो में पहली बार पवन सिंह को तेलुगु भाषा में गाते सुना जा सकता है. भोजपुरी पावर स्टार गाने के वीडियो में आते ही अलग रंग भी जमा देते हैं. एक्टर अदिति सेश संग उनकी जुगलबंदी भी बढ़िया है.

इस बढ़िया ट्रैक को गीतकार वायु श्रीवास्तव ने लिखा है. इसका म्यूजिक भीम्स सेसीरोलियो ने कंपोज किया है. अपनी सिग्नेचर स्वैग के साथ अदिवि सेश इस गाने में पवन सिंह और जोनिता गांधी के साथ डांस करते नजर आएंगे. ये तीनों सितारे अपनी एनर्जी से स्क्रीन पर आग लगा रहे हैं. 'टच बडी' के साथ जोनिता का सेक्सी अंदाज भी दर्शकों को देखने को मिला है, जो किसी की भी स्क्रीन पर आग लगाने के लिए काफी है.

Advertisement

पवन को पसंद है एक्सपेरिमेंट

गाने के बारे में बात करते हुए भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने कहा, 'मुझे अपने म्यूजिक के साथ एक्सपेरिमेंट करना बहुत पसंद है. जब अदिवि सेश मेरे पास इस आइडिया के साथ आए, तो मुझे तुरंत समझ आ गया कि इस इंटेंस और एक्शन-पैक्ड फिल्म के लिए मुझे कैसी एनर्जी देनी है. मैं सेश और जोनिता गांधी जैसे शानदार टैलेंट के साथ काम करके बेहद उत्साहित हूं. हमने गाने की शूटिंग का पूरा मजा लिया है और मुझे यकीन है कि ऑडियंस को भी वही एनर्जी महसूस होगी.'

जोनिता गांधी ने गाने के बारे में कहा, 'टच बडी को हिंदी और तेलुगु दोनों भाषाओं में रिकॉर्ड करना बहुत मजेदार अनुभव था. पवन सिंह जैसे आइकॉनिक सिंगर के साथ काम करना बेहद रोमांचक था. अदिवि सेश और पूरी टीम के साथ काम करना पूरे प्रोसेस को खास बना गया. पूरी टीम ने मुझे बहुत सहज महसूस कराया, इसके लिए मैं उनकी शुक्रगुजार हूं. इस गाने के लिए कैमरे के सामने आकर डांस करना मेरे लिए किसी भी फिल्म में पहला अनुभव था. उम्मीद है कि ऑडियंस को गाना उतना ही पसंद आएगा, जितना हमें इसे बनाते समय आया.'

फिल्म 'डकैत' की बात करें तो शनील देओ ने इसका निर्देशन किया है. ये उनकी डायरेक्टोरियल डेब्यू पिक्चर है, जिसे हिंदी और तेलुगु दोनों भाषाओं में शूट किया गया है. फिल्म के प्रोड्यूसर सुप्रिया यारलगड्डा हैं, को-प्रोड्यूसर सुनील नारंग हैं और इसे अन्नपूर्णा स्टूडियोज प्रेजेंट कर रहा है. फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले को अदिवि सेश और शनील देओ ने मिलकर तैयार किया है. पिक्चर में अदिवि सेश लीड रोल निभा रहे हैं. उनकी हीरोइन मृणाल ठाकुर हैं और अनुराग कश्यप इसमें विलेन बने हैं. 'डकैत', 10 अप्रैल 2026 को देशभर में रिलीज होगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement