बॉलीवुड इंडस्ट्री को लेकर आए दिन कोई ना कोई एक्टर ऐसी बात कह जाता है, जो लोगों की नजरों में आ जाती है. साउथ के कई सितारों ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को लेकर विवादित बयान दिए हैं. एक बार महेश बाबू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कह डाला था कि वो बॉलीवुड में काम इसलिए नहीं कर सकते क्योंकि वो मानते हैं कि उन्हें वहां कोई अफॉर्ड नहीं कर सकता. अब साउथ सिनेमा से एक और स्टार ने बॉलीवुड इंडस्ट्री की पोल खोली है.
सलमान खान की फिल्म टाइगर 3 और मनोज बाजपेयी की फिल्म गुलमोहर में नजर आ चुकीं तमिल एक्ट्रेस सिमरन, जिनका असली नाम ऋषिबाला नवल है, उन्होंने फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में कहा है कि बॉलीवुड में उनकी कोई इज्जत नहीं करता है. काफी समय तक काम के बावजूद, उन्हें वो सम्मान नहीं मिलता जिसकी वो हकदार हैं. ऐसे में उन्हें काफी तकलीफ महसूस होती है.
बॉलीवुड के बर्ताव से नाराज सिमरन
सिमरन ने कहा- बहुत बार मैंने हिंदी फिल्म करने से मना किया क्योंकि मुझे वहां के लोगों से जुड़ाव महसूस नहीं होता. ऐसा लगता है कि उन्होंने हमारा साउथ का काम देखा ही नहीं है, और वो लेगेसी जो हमारे पहले के एक्टर्स लेकर आए हैं, उसका भी उन्हें पता नहीं है. ये बात मुझे बहुत परेशान करती है. वहां सम्मान ही नहीं मिलता. मैंने अपना आधा से ज्यादा जीवन सिनेमा को दे दिया है, फिर भी अगर मुझे सम्मान नहीं मिलता तो बहुत दुख होता है. ये बिल्कुल सही नहीं लगता.
एक्ट्रेस ने आगे बताया कि बॉलीवुड में उनके साथ किस तरह का बर्ताव किया जाता है, जिससे उन्हें काफी दुख पहुंचता है. सिमरन ने कहा, 'वो हमारे होटल में ठहरने पर भी भीख मांगते हैं. वो मेरे साथ जाने वाले लोगों की संख्या सीमित कर देते हैं. वो कहते हैं कि इतने सारे स्टाफ को साथ मत ले आओ. वो होटल और टिकट पर भी मोलभाव करते हैं. ये सब बातें मुझे बहुत परेशान करती हैं, लेकिन कोई इस बारे में बात नहीं करता. वहां हायरार्की इतना ज्यादा है कि मन ही नहीं करता काम करने का. दिल बहुत दुखता है.'
सनी देओल की तारीफ में बोलीं सिमरन
हालांकि सिमरन ने ये भी बताया कि इंडस्ट्री में सभी प्रोड्यूसर्स वैसे नहीं होते. उन्होंने सनी देओल की अपकमिंग फिल्म गबरू का उदाहरण दिया, जिसमें वो नजर आने वाली हैं. एक्ट्रेस ने बताया कि उस फिल्म के प्रोड्यूसर ओम छंगाणी काफी अच्छे इंसान हैं. यहां तक कि सनी देओल भी काफी बेहतरीन को-स्टार रहे. सिमरन ने मनोज बाजपेयी की फिल्म गुलमोहर में काम करना भी एक अच्छा एक्सपीरियंस बताया.
बात करें सिमरन की, तो वो तमिल सिनेमा की टॉप एक्ट्रेस में से एक हैं जिन्होंने थलपति विजय की कई फिल्मों में काम किया हुआ है और उनकी हीरोइन रही हैं. इसके अलावा तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ सिनेमा में भी सिमरन ने काम किया हुआ है.