scorecardresearch
 

Pursuit of Jade: जंग के बीच प्यार की कहानी, 40 एपिसोड का चाइनीज ड्रामा, IMDb रेटिंग 8.6

नेटफ्लिक्स की ग्लोबल हिट बन चुकी चाइनीज सीरीज Pursuit of Jade में राजनीति, षडयंत्र, रहस्य और युद्ध के इर्द-गिर्द घूमती कहानी के बीच पनपी प्रेम कथा है. दो ऐसे लोगों की जो एक दूसरे से एकदम अलग है, मगर किस्मत ने उन्हें ऐसा साथ जोड़ा है कि उनका बंधन कोई तोड़े नहीं तोड़ सकता.

Advertisement
X
नेटफ्लिक्स शो 'परस्यूट ऑफ जेड' में चाइनीज एक्टर्स Zhang Linghe और Tian Xiwei (Photo: Screengrab)
नेटफ्लिक्स शो 'परस्यूट ऑफ जेड' में चाइनीज एक्टर्स Zhang Linghe और Tian Xiwei (Photo: Screengrab)

आजकल के वक्त में किसी शो को देखने के बाद ऐसा कम ही होता है कि आपका दिल गुलाटियां मारने लग जाए. लेकिन नेटफ्लिक्स की नई चाइनीज सीरीज 'परस्यूट ऑफ जेड' (Pursuit of Jade) देखने के बाद मुझे कुछ ऐसा ही महसूस हो रहा है. 

राजनीति, षडयंत्र, रहस्य और युद्ध के इर्द-गिर्द घूमती इस कहानी के बीचो-बीच के प्रेम कथा है, दो ऐसे लोगों की जो एक दूसरे से एकदम अलग है, मगर किस्मत ने उन्हें ऐसा साथ जोड़ा है कि उनका बंधन कोई तोड़े नहीं तोड़ सकता.

क्या है सीरीज की कहानी?

ये कहानी है फैन चांगयू (Fan Changyu) और शी जेंग (Xie Zheng) की. चांगयू एक बूचड़ की बेटी है, जो अपने माता-पिता की मौत के बाद अपना और अपनी छोटी बहन निंग का पेट पालने में स्ट्रगल कर रही है. एक सर्दी की शाम काम से घर लौटते हुए उसे जमीन पर जमी मोटी बर्फ की चादर के नीचे एक अनजान घायल शख्स धंसा मिलता है. चांगयू एक पल के लिए उसे वहीं छोड़ जाने का सोचती है, मगर फिर अपना मन बदलकर उसे बचा लेती है और अपने घर ले आती है. वो नहीं जानती कि ये ज़ख्मी पड़ा अधमरा लड़का असल में उसकी जिंदगी के पजल का वो हिस्सा है, जिसकी उसे जरूरत है.

Advertisement

शी जेंग एक वॉर लॉर्ड है, जो दुश्मनों के हाथों मात खाने के बाद मरने के लिए छोड़ दिया गया है. उसे मौत के मुंह से बचाने वाली चांगयू उसकी सच्चाई नहीं जानती. वो ये भी नहीं जानती कि जेंग की वजह से वो ऐसे सफर पर जाने वाली है, जिसमें दर्द और कत्ल के साथ-साथ ढेर सारा प्यार भी भरा है. शी जेंग न सिर्फ चांगयू का साथ निभाएगा, बल्कि उसके जीवन के उन रहस्यों को भी खोलेगा, जिनसे फिलहाल चांगयू अनजान है.

परस्यूट ऑफ जेड एक फुल पैकेज ड्रामा है. चीन के फेमस आइडल जॉनर में बना ये ड्रामा लिखिका Tuan Zi Lai Xi की किताब Zhu Yu पर आधारित है. इसमें ढेर सारे पॉलिटिकल ड्रामा और मिस्ट्री के बीच रोमांस और कॉमेडी का बढ़िया मिक्सचर है. इसके साथ ही आपको इमोशंस का तड़का भी मिलता है. सीरीज में कई ऐसे पल हैं जो आपके मन को कचोटे है, आपका दिल दुखाते हैं और आपकी आंखों में आंसू लाते हैं. हां, बहुत से ऐसे पल भी हैं, जो देखकर आपको लगता है कि ये कई बार हो चुका है. लेकिन फिर भी इन पलों का असर कम नहीं होता.

चांगयू-जेंग हैं कमाल

शो के हर किरदार को गहराई के साथ लिखा गया है, जो इन्हें मल्टीपल लेयर्स देकर बेहतर बनाता है और आपको इन्हें देखने में भी मजा आता है. ऊपर से कलाकारों के काम की जितनी तारीफ की जाए उतना कम है. चांगयू के किरदार में एक्ट्रेस Tian Xiwei कमाल की हैं. फैन चांगयू को देखते हुए आप उसे अपना आइडल मानने से खुद को रोक नहीं पाएंगे. वो निडर है, बहादुर है, प्यारी है, साफ दिल की है और दिमाग से तेज है. चांगयू किसी की भी मदद करने से पीछे नहीं हटती, पर अगर कोई उससे पंगा ले तो उसे मजा चखाना भी अच्छे से जानती है. इस सबसे परे वो एक सिंपल लड़की है, जो बाहर की चालक दुनिया को समझने के हिसाब से बहुत भोली है. शी जेंग के लिए उसका प्यार भी अटूट है. Tian Xiwei ने इस किरदार को बहुत ईमानदारी से निभाया है. उन्हें चांगयू के रूप में देखने के बाद लगता है कि जैसे ये किरदार उन्हीं के लिए लिखा गया था.

Advertisement
परस्यूट ऑफ जेड सीरीज में चाइनीज एक्ट्रेस Tian Xiwei (Photo: Screengrab)

हमारे वॉर लॉर्ड शी जेंग के रोल में हैं चाइनीज एक्टर Zhang Linghe. अपने 6 साल के करियर में 15 शो कर चुके Zhang Linghe को परस्यूट ऑफ जेड से दुनियाभर में पहचान मिली है. वो ग्लोबल स्टार बन चुके हैं. जब आप उन्हें शो में देखेंगे, तब आपको पता चलेगा कि ऐसा क्यों है. Linghe ने शी जेंग के किरदार में जो जान डाली है वो सही में बेमिसाल है. सीरीज में कई ऐसे सीन्स हैं, जिनमें उनका चेहरा शांत है, मगर आंखें बोलती हैं. Xie Zheng अपने माता-पिता की मौत का बदला लेने निकला है. राजनीति और युद्ध की दुनिया में पले-बढ़े जेंग ने अपने आसपास पावर की एक ऐसी दीवार खड़ी की है, जो लोगों में उसके लिए डर पैदा करती है. मगर चांगयू के सामने वो एक सीधा-सादा और बेहद खूबसूरत लड़का है. इन दोनों ही रूपों में Zhang Linghe बढ़िया लगे हैं. उनका क्यूट चेहरा आपको उनकी तरफ आकर्षित करता है, तो उनकी अथॉरिटी भरी आवाज और गुरूर उनकी परफॉरमेंस को सराहने का मौका देता है.

परस्यूट ऑफ जेड सीरीज में चाइनीज एक्टर Zhang Linghe (Photo: Screengrab)

लीड एक्टर्स के अलावा Kong Xueer, Ren Hao, Li Qing, Yan Yikuan संग अन्य चाइनीज एक्टर्स ने बढ़िया काम किया है. चांगयू के पीछे पड़े Sui Yuanqing के रोल में एक्टर Lin Muran बेहतरीन हैं. उन्होंने अपने निगेटिव किरदार को इतना बढ़िया तरीके से निभाया है कि आपको उनसे नफरत हो जाएगी. Yuanqing को थप्पड़ खाते देखना इसीलिए मजेदार लगता है. Yuanqing के बड़े भाई Sui Yuanhuai/Qi Min के किरदार में एक्टर Deng Kai भी बेहतरीन हैं. काई शो के असली विलेन हैं, जिनके चेहरे पर अजब-सी शांति है. अधेरे में जीने वाला Qi Min आपकी रूह कंपाने का दम रखता है.

Advertisement

कहां रह गईं कमियां?

Pursuit of Jade में डायरेक्शन, सिनेमैटोग्राफी, एक्शन समेत कॉस्ट्यूम और मेकअप तक सबकुछ जबरदस्त है. इसका म्यूजिक काफी शांति देने वाला है और डायलॉग दिल छूने वाले. पीरियड ड्रामा होने के चलते आपको पुराने जमाने के चीन की ऑथेंटिक झलक देने की पूरी कोशिश यह शो करता है. हां, शो में कई कमियां हैं. इसकी कहानी उलझी हुई है, कहीं-कहीं आप कन्फ्यूज होते हैं. बहुत-से सीक्वेंस जल्दबाजी में खत्म करते लगते हैं और इसके सेकेंड हाफ में रोमांस की जगह बहुत से सीरियस मैटर ले लेते है. रोमांस इसमें खत्म नहीं होता, मगर कम जरूर हो जाता है. लेकिन फिर भी ये शो आपको इमोशनल और इंप्रेस करने में नाकामयाब नहीं होता.

सीरीज के अंत में कुछ चीजें यूं ही छोड़ दी गई है. इनके पीछे क्या कारण था, ये बात तो मेकर्स ही जानें, मगर अगर आप वीकेंड पर कुछ बढ़िया देखने की फिराक में हैं तो यह 40 एपिसोड की सीरीज निपटा डालिए. नेटफ्लिक्स के नॉन इंग्लिश ग्लोबल टॉप 10 शोज की लिस्ट में ये छठे नंबर पर रह चुका है. अगर कन्विंस होने के लिए कुछ और भी चाहिए तो बता दूं कि IMDb पर इसकी रेटिंग 8.6 है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement