यूट्यूब की दुनिया में पॉडकास्ट तो आपने बहुत देखे होंगे, लेकिन शो 'फिगरिंग आउट' (Fके 500वें एपिसोड में जो हुआ, उसने हर किसी के होश उड़ा दिए. शो के स्टूडियो में उस वक्त सन्नाटा पसर गया जब मशहूर अमेरिकी वाइल्ड लाइफ एक्सप्लोरर पॉल रोसोली अपने साथ एक दो नहीं, बल्कि एक विशालकाय असली बर्मीज अजगर लेकर पहुंच गए. (Photo:YT/Raj Shamani)
यह कोई छोटा-मोटा सांप नहीं, बल्कि एक ऐसा शिकारी था जिसने सभी को डरा दिया.जैसे -जैसे यह एपिसोड आगे बढ़ा, वह अजगर सिर्फ एक मेहमान नहीं रहा, बल्कि वन्यजीवों और उनके व्यवहार को समझने का एक चलता-फिरता जरिया बन गया. (Photo:YT/Raj Shamani)
पॉडकास्ट की शुरुआत काफी संभलकर हुई. बड़े अजगर को सामने लाने से पहले पॉल रोसोली ने एक छोटा 'बोआ कंस्ट्रिक्टर' (Boa Constrictor) दिखाया. यह सांप बिना जहर वाला और काफी शांत था. पॉल ने दिखाया कि कैसे वह छोटा सांप होस्ट के हाथ को एक पेड़ की टहनी समझकर उस पर रेंग रहा था. (Photo:YT/Raj Shamani)
इसके जरिए पॉल ने एक बड़ी बात समझाई कि सांप स्वभाव से आक्रामक नहीं, बल्कि रक्षात्मक होते हैं. वे बस अपने आस-पास सुरक्षा तलाशते हैं. जब तक उन्हें स्थिरता मिलती रहती है, वे शांत रहते हैं. (Photo:YT/Raj Shamani)
असली रोमांच तब शुरू हुआ जब स्टूडियो में विशालकाय बर्मीज अजगर की एंट्री हुई. इसे देखते ही वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं. वह धीरे-धीरे अपनी जीभ बाहर निकाल रहा था, जो कि सांपों का दुनिया को समझने और महसूस करने का तरीका है. (Photo:YT/Raj Shamani)
पॉल ने बताया कि जब तक इन जीवों को छेड़ा न जाए, ये शांत रहते हैं. हालांकि, एक पल ऐसा भी आया जब बार-बार छूने और बहुत करीब जाने की वजह से अजगर ने फुफकारते हुए हमला करने की कोशिश की. (Photo:YT/Raj Shamani)
पॉल ने तुरंत क्लियर किया कि सांप अचानक हमला नहीं करते, वे अपनी फिजिकल भाषा से पहले ही बेचैनी के संकेत देते हैं. यह पूरा नजारा कैमरे में कैद हुआ. (Photo:YT/Raj Shamani)
बर्मीज अजगर को अक्सर 'जिंदा लचीली मशीन' कहा जाता है. पॉल ने बताया कि यह अजगर करीब 14 से 15 फीट लंबा और लगभग 180 पाउंड (करीब 81 किलो) वजनी है. (Photo:YT/Raj Shamani)
इसकी शारीरिक बनावट ऐसी होती है कि इसके जबड़े एक लचीले लिगामेंट (ligaments) से जुड़े होते हैं, जो इसे अपने सिर से कई गुना बड़े शिकार को निगलने में मदद करते हैं. पॉल ने इसकी ताकत का अंदाजा तब कराया जब अजगर ने अपना पूरा वजन होस्ट के ऊपर डाल दिया. (Photo:YT/Raj Shamani)
दिलचस्प बात यह है कि शिकार करने के बाद इन सांपों का मेटाबॉलिज्म इतना तेज हो जाता है कि खाना पचाने के लिए इनके अंदरूनी अंग अस्थायी रूप से बड़े हो जाते हैं. (Photo:YT/Raj Shamani)
खैर इस एपिसोड का मतलब सिर्फ इतना था कि सांपों को लेकर हमारा डर अक्सर गलतफहमी से शुरू होता है. पॉल रोसोली ने इस बात पर जोर दिया कि सांप इंसानों से टकराव नहीं चाहते, वे छिपकर रहना पसंद करते हैं. (Photo:YT/Raj Shamani)
बता दें कि पॉल रोसोली फेमस अमेरिकी वाइल्ड लाइफ एक्सप्लोरर और राइटर है. उन्हें खासतौर पर जंगली जानवरों, खासकर सांपों के साथ उनके गहरे जुड़ाव के लिए जाना जाता है. पॉल रोसोली साल 2014 में पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बने थे, जब डिस्कवरी चैनल के एक शो के लिए उन्होंने एक खास सूट पहनकर खुद को एक विशाल 'एनाकोंडा' द्वारा निगले जाने का प्रयास किया था. (Photo:YT/Raj Shamani)