साल की शुरुआत 'भूत बंगला' जैसी शानदार हिट के साथ करने वाले अक्षय कुमार अब अपनी नई फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' के साथ तैयार हैं. 'वेलकम' यूनिवर्स की फिल्म कही जा रही 'वेलकम टू द जंगल' का ट्रेलर आ गया है. वैसे तो ये दिमाग घर छोड़कर थिएटर तक जाने वाली कॉमेडी फिल्म है. लेकिन फिल्म में जोक्स या फनी मोमेंट्स से ज्यादा एक्टर्स की गिनती है.
अक्षय कुमार की इस फिल्म में 30 जाने-माने बॉलीवुड नाम हैं. सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी, रवीना टंडन, दिशा पाटनी, लारा दत्ता, राजपाल यादव, जॉनी लीवर, कीकू शारदा... ट्रेलर में दिख रहे सारे एक्टर्स का नाम लिखने के लिए एक डायरेक्टरी बनाने की जरूरत पड़ेगी!
कहानी का मुद्दा ये है कि परेश रावल और राजपाल यादव एक फिल्म बनाने निकले हैं. इस फिल्म के लिए उन्होंने एक लंबी-चौड़ी कास्ट जुटाई है. कभी हिट फिल्मों के हीरो रहे, अब फ्लॉप चल रहे एक एक्टर (अक्षय कुमार) को हीरो लिया गया है. ट्रेलर की शुरुआत में ही बताया गया है कि ये बॉलीवुड की 'पहली 2000 करोड़ की फेक फिल्म' है.
फिल्म में अगर इतने सारे एक्टर ठूंसे गए हैं तो शूट पर लफड़े होने ही हैं. इन्हीं लफड़ों से होने वाली कॉमेडी 'वेलकम टू द जंगल' का मैटर है. इस मैटर में तड़का तब लगता है जब आर्मी की वर्दी पहने शूट कर रही इस टीम को डकैत असली आर्मी समझ लेते हैं. यहां देखें 'वेलकम टू द जंगल' का ट्रेलर:
'वेलकम' को बॉलीवुड की सबसे जानदार कॉमेडी फिल्मों में गिना जाता है. यह उन फिल्मों में से है जिन्होंने व्हाट्सएप को जोक्स दिए थे. मगर 'वेलकम टू द जंगल' के जोक्स को व्हाट्सएप जोक्स कहना, उन जोक्स की बेअदबी करना है. 'वेलकम टू द जंगल' का ट्रेलर बेस्ट कॉमेडी मोमेंट्स दिखाने की बजाय फिल्म की बहुत लंबी स्टार-कास्ट, VFX वाले शॉट्स, और एक्टर्स को अजीब Physical Comedy करते दिखाने पर फोकस करता है.
ऐसी ब्रेन-रॉट (दिमाग थका देने वाली) फिल्में कभी बॉलीवुड की खासियत हुआ करती थीं. लेकिन 'वेलकम टू द जंगल' की कॉमेडी इतनी बेहतरीन नहीं लग रही. हालांकि यह ट्रेलर एडिट की भी कमी हो सकती है. फिल्म में कॉमेडी का लेवल कैसा है, यह तो 26 जून को ही पता चलेगा जब 'वेलकम टू द जंगल' थिएटर्स में पहुंचेगी.