इस साल की ईद इंडियन सिनेमा में पिछले 10 सालों में सबसे जबरदस्त साबित होने वाली है. बॉलीवुड की सबसे बड़ी फिल्म बन चुकी 'धुरंधर 2' और 'केजीएफ' वाले यश की 'टॉक्सिक' इसी दिन आपस में भिड़ने वाली हैं. इस मेगा क्लैश का हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा है.
बॉक्स ऑफिस पर भिड़ने की हो गई तैयारी
'धुरंधर 2' और 'टॉक्सिक' को लेकर इस समय काफी बज बना हुआ है. दोनों ही काफी बड़ी फिल्में हैं और इसका एक ही दिन क्लैश होना अपने आप में एक इवेंट साबित हो गया है. दोनों ही फिल्मों के मेकर्स अपनी रिलीज डेट बदलने को तैयार नहीं हैं. बीते दिन यश की 'टॉक्सिक' का टीजर भी सामने आया, जिसमें कंफर्म हुआ कि वो 'धुरंधर 2' से भिड़ने के लिए तैयार हैं.
अब इस क्लैश पर बॉलीवुड के डायरेक्टर संजय गुप्ता ने रिएक्ट किया है. उनका मानना है कि दोनों बड़ी फिल्मों का एक ही दिन आना दुखद है. वैराइटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में डायरेक्टर ने कहा, 'मैं दोनों फिल्में देखूंगा, लेकिन अफसोस इसी बात का है कि दोनों एक साथ ही रिलीज हो रही हैं. क्योंकि दोनों का बहुत ज्यादा बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है. और इस वजह से ये एक-दूसरे की कमाई में भी भारी नुकसान करेंगी.'
क्यों 'धुरंधर 2' vs 'टॉक्सिक' से नाखुश संजय गुप्ता?
संजय गुप्ता ने आगे अपनी फिल्म 'काबिल' और शाहरुख की 'रईस' के क्लैश का जिक्र किया, जिसके कारण दोनों फिल्मों को कमाई में काफी नुकसान झेलना पड़ा. उन्होंने कहा, 'ये ऐसा ही है जैसे मेरी फिल्म काबिल, रईस के साथ रिलीज हुई थी. दोनों फिल्में अगर अलग-अलग दिन आई होतीं, तो दोनों को फायदा होता. क्लैश होने से नुकसान हुआ. क्योंकि हमें ये ध्यान रखना पड़ता है कि हम कोई बहुत अमीर देश नहीं हैं. हमारे यहां लोगों के पास इतने पैसे नहीं होते कि वो थिएटर्स में आसानी से दो फिल्में लगातार देख आएं. बहुत से लोग तो एक महीने में दो फिल्में भी नहीं देख पाते. ये बेकार की बात है, लेकिन फिर भी मेकर्स के पास शायद कोई अपना कारण होगा.'
हालांकि संजय का ये भी मानना है कि चूंकि दोनों ही फिल्मों का इंतजार काफी समय से किया जा रहा है, इसलिए इनके चलने की पूरी उम्मीदें हैं. उनका कहना है, 'दोनों फिल्में अच्छा-खासा चलेंगी, लेकिन अपनी पूरी क्षमता तक नहीं पहुंच पाएंगी. इसलिए ये बात थोड़ी अफसोस वाली है.'
बात करें 'धुरंधर 2' वर्सेज 'टॉक्सिक' की, तो फिलहाल दोनों ही फिल्मों के टीजर सामने आ चुके हैं, जिसने इस क्लैश को और भी दिलचस्प बना दिया है. अब फैन्स को इंतजार है सिर्फ इस चीज का कि आखिर इनके ट्रेलर्स फिल्म को कितना ज्यादा हाईप करेंगे. सभी का मानना है कि ये बॉक्स ऑफिस क्लैश काफी समय तक याद रखा जाएगा.