scorecardresearch
 

झुग्गी-बस्ती से निकलकर मुंबई का 'मोमो किंग' बना सोनाक्षी-शाहिद का ड्राइवर, तुकाराम मुंढे ने बंद की दुकान, लिया बड़ा एक्शन

कभी बॉलीवुड सितारों की गाड़ी चलाने वाले सूरज लामा ने नौकरी छोड़कर साइकिल पर मोमो बेचना शुरू किया था. 16 हजार मोमो रोज बनाने वाले ब्रांड पर अब FDA ने कार्रवाई की है.

Advertisement
X
कभी सितारों की गाड़ियां चलाईं, फिर मोमो बेचकर बनाई पहचान (Photo: Screengrabs)
कभी सितारों की गाड़ियां चलाईं, फिर मोमो बेचकर बनाई पहचान (Photo: Screengrabs)

मुंबई में मोमो खाने वालों के बीच सूरज लामा मोमोज का नाम शायद ही किसी ने न सुना हो. लेकिन इस मशहूर मोमो ब्रांड के पीछे की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. इसके मालिक सूरज लामा कभी बॉलीवुड सितारों की गाड़ियां चलाया करते थे. उन्होंने करीब 25 साल तक ड्राइवर की नौकरी की और शाहिद कपूर, सोनाक्षी सिन्हा जैसे सितारों के साथ काम किया.

लेकिन फिर एक दिन उन्होंने ड्राइविंग की नौकरी छोड़कर मोमो बेचने का फैसला किया. साइकिल पर शुरू हुआ ये छोटा सा काम धीरे-धीरे मुंबई का चर्चित मोमो ब्रांड बन गया. हालांकि, अब उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं, महाराष्ट्र FDA ने त्योहारी सीजन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अंधेरी वेस्ट स्थित सूरज लामा मोमोज के मूल आउटलेट का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है.

14 साल की उम्र में मुंबई आए थे सूरज

सूरज लामा मूल रूप से दार्जिलिंग के मिरिक गांव के रहने वाले हैं. रोजगार की तलाश में वह महज 14 साल की उम्र में मुंबई आ गए थे. शुरुआत में कई छोटे-मोटे काम किए और फिर धीरे-धीरे सेलिब्रिटी ड्राइवर बन गए. सूरज ने करीब 25 साल तक ड्राइवर के तौर पर काम किया. इस दौरान उन्होंने शाहिद कपूर और सोनाक्षी सिन्हा जैसे एक्टर्स के साथ काम किया. इतना ही नहीं, वह करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शंस के लिए भी गाड़ी चला चुके हैं.

Advertisement

सूरज ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह जिन लोगों के साथ काम करते थे, उन्हें अपना परिवार मानते थे. लेकिन कई बार उन्हें महसूस होता था कि उन्हें बराबरी का दर्जा नहीं मिलता. एक घटना ने उनके मन पर खासा असर डाला. उन्होंने बताया कि एक बार वह एक एक्टर को शूटिंग सेट पर लेकर गए थे. वहां एक बच्चा काफी देर से एक्टर के साथ फोटो खिंचवाने का इंतजार कर रहा था. सूरज ने उस बच्चे की मदद करने की कोशिश की, लेकिन एक्टर ने फोटो खिंचवाने से मना कर दिया.

ये बात सूरज को अंदर तक चुभ गई. शायद यहीं से उनके मन में कुछ अपना करने का ख्याल और मजबूत हुआ.

2017 में ड्राइवर की नौकरी छोड़ बेचने लगे मोमो

इसके बाद ऐप बेस्ड कैब सर्विस का दौर भी शुरू हो गया. सूरज ने 2017 में अपनी नौकरी छोड़कर मोमो बेचने का फैसला किया. उन्होंने अपनी बाइक बेच दी और एक साइकिल खरीदकर उसी पर मोमो बेचने निकल पड़े.

इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी पत्नी विजयता को भी इस काम में शामिल कर लिया. विजयता उस समय सिंगर केके के घर में कुक का काम करती थीं. उन्होंने भी नौकरी छोड़कर सूरज का साथ दिया. सूरज ने बताया था कि दोनों करीब 30-30 हजार रुपये महीना कमाते थे. ऐसे में नौकरी छोड़कर बिजनेस शुरू करना बड़ा रिस्क था. लेकिन किस्मत ने उनका साथ दिया.

Advertisement

साइकिल पर घूम-घूमकर बेचते थे मोमो

मुंबई में उस समय नॉर्थ इंडिया की तरह हर जगह मोमो आसानी से नहीं मिलते थे, सूरज ने इसी कमी को अपना मौका बना लिया. वह अंधेरी वेस्ट के अलग-अलग इलाकों में साइकिल पर घूमकर वेज और नॉन-वेज मोमो बेचने लगे. देखते ही देखते उनके मोमो की डिमांड बढ़ने लगी. इसके बाद उन्होंने वर्सोवा में सड़क किनारे अपना पहला आउटलेट शुरू किया.

कभी जिस दुकान के मालिक ने उनसे कहा था कि वह किराया नहीं दे पाएंगे, बाद में उसी मालिक ने खुद उन्हें दुकान देने के लिए संपर्क किया.

सोनाक्षी सिन्हा को भी खिलाए थे अपने मोमो

सूरज ने अपने बनाए मोमो सोनाक्षी सिन्हा और उनके परिवार को भी खिलाए थे. उन्हें अपने मोमो का स्वाद पसंद आया और इससे सूरज का आत्मविश्वास और बढ़ गया. सूरज का कहना था कि उनके मोमो की रेसिपी उनकी मां से आई है. वह इसे घर के स्वाद जैसा बताते हैं और दावा करते हैं कि उनकी रेसिपी में प्रिजर्वेटिव और आर्टिफिशियल कलर का इस्तेमाल नहीं होता.

रोज 16 हजार मोमो बनाने तक पहुंचा कारोबार

साइकिल से शुरू हुआ ये सफर धीरे-धीरे कई आउटलेट तक पहुंच गया. सूरज ने मालाड और कांदिवली में भी अपने स्टोर खोले. 2024 में उन्होंने बताया था कि मुंबई में उनकी एक सेंट्रल किचन है, जिसे उनकी पत्नी संभालती हैं. वहां करीब 25 लोगों की टीम काम करती है और अलग-अलग तरह के करीब 16 हजार मोमो रोज तैयार किए जाते हैं.

Advertisement

उनका कहना था कि जब तक दूसरे शहर में इसी तरह क्वालिटी कंट्रोल के साथ काम करने की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक वह पुणे, नासिक और गुजरात जैसे बाजारों में विस्तार नहीं करेंगे.

लेकिन अब FDA ने क्यों लिया एक्शन?

जिस ब्रांड की पहचान ही क्वालिटी और घर के स्वाद से जुड़ी रही है, अब उसी के अंधेरी वेस्ट वाले मूल आउटलेट पर महाराष्ट्र FDA ने कार्रवाई की है. रिपोर्ट के मुताबिक, FDA ने त्योहारी सीजन के दौरान चलाए जा रहे अभियान में Suraj Lama Momos समेत आठ खाने-पीने के आउटलेट के लाइसेंस सस्पेंड किए हैं.

अथॉरिटी ने खाने को संभालने और स्टोर करने के तरीके, साफ-सफाई, सैनिटेशन और खाने को दूषित होने से बचाने के लिए जरूरी सुरक्षा उपायों में खामियां पाई हैं. FDA के मुताबिक, ये कमियां इतनी गंभीर थीं कि संबंधित फूड सेफ्टी नियमों के तहत तुरंत कार्रवाई करना जरूरी था.

जिस सूरज लामा ने कभी बॉलीवुड सितारों की गाड़ियां चलाईं, फिर साइकिल पर मोमो बेचकर अपना ब्रांड खड़ा किया, उनकी कहानी ने अब एक नया मोड़ ले लिया है. एक तरफ उनका फिल्मी कनेक्शन और संघर्ष की कहानी आज भी लोगों को प्रेरित करती है, तो दूसरी तरफ FDA की कार्रवाई ने उनके मशहूर मोमो आउटलेट को सुर्खियों में ला दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement