सुपरस्टार सलमान खान तेवर से जितने दबंग हैं, दिल से उतने ही चुलबुले और नर्म हैं. इस बात का सबूत आपको बॉलीवुड के कई किस्सों में मिल जाएगा. अब ऐसा ही एक किस्सा शेयर किया है एक्टर मनोज बक्शी ने, जिन्होंने सलमान की फिल्म बजरंगी भाईजान में पाकिस्तानी पुलिस ऑफिसर का किरदार निभाया था.
मनोज बक्शी ने बताया कि फिल्म की चाइल्ड आर्टिस्ट हर्षाली मल्होत्रा के थूकने के लिए, सुपरस्टार सलमान ने करीब 20 बार अपना हाथ आगे किया था. सलमान की इस बात से मनोज को एहसास हुआ कि वह सुपरस्टार होने के बावजूद, इंसान बहुत रियल हैं.
मनोज ने 'द वी टी शो' पॉडकास्ट पर बताया कि बजरंगी भाईजान के सेट पर सलमान उन्हें कैसे लगे थे. फिल्म में एक सीन था जिसमें पाकिस्तान से भटककर भारत आई मुन्नी (हर्षाली मल्होत्रा) नॉन-वेज देखकर एक्साइटेड हो जाती है और लपककर खाने लगती है. मनोज ने बताया कि इस सीन के शूट के लिए डायरेक्टर कबीर खान का इंस्ट्रक्शन था कि हर्षाली को कैमरे की तरफ मुस्कुराते हुए चबा-चबा कर नॉन-वेज खाना है.
मनोज ने आगे बताया, 'कभी उसके मुंह में बड़ा पीस आ जाए, तो उसका मुंह भर जाता था, वह नहीं खा पाती थी. तो सीन के बीच में परेशान होती थी कि अब कहां थूकूं इसे. तो हमने देखा कि सलमान भाई ने 20 बार उसके आगे हाथ रखा कि बेटा यहां थूक ले!'
मनोज बताते हैं कि इस बात से वह बहुत हैरान हुए. उन्होंने जाकर सलमान से कहा, 'दूसरे का बच्चा, वह मुंह में कुछ खा रही है और आप अपना हाथ आगे कर थुकवा रहे हो!' इस बात पर सलमान ने उनसे कहा, 'मैं ऐसा ही हूं यार.' सलमान की इस बात पर मनोज ने कहा, 'जब आदमी में ग्रेटनेस होती है, तो होती है.'
बजरंगी भाईजान में सलमान और हर्षाली की बॉन्डिंग ने कहानी को वह इमोशनल गहराई दी थी, जिसकी वजह से फिल्म हफ्तों तक थिएटर्स में लगातार चलती रही. सलमान की यह फिल्म उस समय बाहुबली जैसी बड़ी फिल्म के साथ थिएटर्स में चलने के बावजूद बहुत बड़ी ब्लॉकबस्टर बनी थी.