एक्टर रणवीर सिंह ने फिल्म धुरंधर में अपनी परफॉर्मेंस से नया बेंचमार्क सेट कर दिया है. कहा जा रहा है कि ये उनके करियर की अब तक की सबसे बेहतरीन एक्टिंग है. इससे पहले पद्मावत में अलाउद्दीन खिलजी का रोल उनका सबसे मुश्किल किरदार माना जाता था, लेकिन अब धुरंधर ने उसे भी पीछे छोड़ दिया है.
रणवीर के बिजनेस पार्टनर ने एक्टर के दिल की बात
रणवीर के बिजनेस पार्टनर निकुंज बियानी ने एक इंटरव्यू में बताया कि रणवीर ने खुद माना था कि धुरंधर में ‘हमजा’ और ‘जसकीरत सिंह रांगी’ का रोल निभाना खिलजी से भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण था.
निकुंज ने कहा कि उन्होंने फिल्म पहले दिन पहला शो देखा और उन्हें बहुत पसंद आई. उनके मुताबिक, धुरंधर 2: द रिवेंज मेरे लिए अब तक की सबसे बेहतरीन फिल्म है. हमने एक बार रणवीर से पूछा था कि क्या वो खिलजी जैसा मुश्किल रोल फिर करेंगे, तो उन्होंने कहा कि ये किरदार उससे भी ज्यादा कठिन था. इसमें उन्हें बहुत ज्यादा मेहनत करनी पड़ी और खुद को पूरी तरह झोंकना पड़ा.
रणवीर ने धुरंधर के दोनों किरदारों अपनी जान फूंक दी. जसकीरत हो या हमजा- उनके ट्रांसफॉर्मेशन ने सभी को बहुत हैरान किया.
पद्मावत के खिलजी ने दिया डिप्रेशन
इससे पहले 2019 में रणवीर ने आजतक से बातचीत में बताया था कि पद्मावत के लिए उन्होंने खुद को कई दिनों तक एक कमरे में बंद कर लिया था. वो लोगों से मिलना-जुलना बंद कर चुके थे और किरदार में पूरी तरह डूबने की कोशिश कर रहे थे.
उन्होंने कहा था- मैंने 21 दिन तक खुद को अपने गोरेगांव वाले घर में बंद रखा. मैं पूरी तरह अकेला हो गया था, क्योंकि मैं खिलजी जैसे इंसान से खुद को जोड़ नहीं पा रहा था. उसके लालच, चालाकी और सोच को समझने के लिए मुझे अपने अंदर के अंधेरे हिस्से तक जाना पड़ा.
रणवीर ने ये भी माना कि ये प्रक्रिया उनके लिए खतरनाक हो गई थी. उन्होंने कहा- मुझे अपने अंदर दबी हुई चीजों को बाहर निकालना पड़ा, जो आसान नहीं था. मुझे पता था कि मुझे बहुत गहरे और अंधेरे में जाना पड़ेगा, और वो मेरे लिए नुकसानदायक भी हो सकता था. और सच में ऐसा हुआ भी.