
प्रियंका चोपड़ा की नई हॉलीवुड फिल्म 'द ब्लफ' अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम करने वाली है. इस पिक्चर का प्रीमियर अमेरिका के लॉस एंजलिस में पिछले हफ्ते हुआ था, जहां एक्ट्रेस को कई बढ़िया और बेहद ग्लैमरस लुक्स में देखा गया. इस बीच उनके साथ उनके पति निक जोनस भी थे. प्रीमियर में लेडी लव प्रियंका की फिल्म को देखने के बाद निक जोनस ने एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें वो फैंस को बता रहे थे कि पिक्चर कितनी बढ़िया है और उन्हें इसे देखना चाहिए. हालांकि यूजर्स का ध्यान उनकी बात से ज्यादा उनके हाथ पर गया.
निक ने किया अर्जुन को कॉपी?
निक जोनस इस वीडियो में अपने हाथ चलाते हुए बात कर रहे थे. इस दौरान यूजर्स ने उनके हाथ में एक यूनीक ब्रेसलेट देखा, जिसने तुरंत ही चाहनेवालों का दिल खुश कर दिया. निक जोनस ने असल में अपने हाथ में 'मंगलसूत्र' ब्रेसलेट पहना हुआ था. ये पहली बार था जब इंटरनेट ने ध्यान दिया कि निक ने पत्नी प्रियंका चोपड़ा के मंगलसूत्र जैसा ही ब्रेसलेट बनवाकर पहना हुआ है. ऐसे में वो फैंस के लिए 'ग्रीन फॉरेस्ट जीजू' यानी सबके फेवरेट जीजा जी के साथ-साथ हसबैंड गोल भी बन गए.
लेकिन अब कुछ यूजर्स को अर्जुन कपूर और करीना कपूर की फिल्म 'की एंड का' की याद आ गई है. यूजर्स का कहना है कि निक जोनस ने असल में फिल्म से अर्जुन कपूर के किरदार कबीर बंसल उर्फ का के मंगलसूत्र ब्रेसलेट को कॉपी कर लिया है. अगर आपने 'की एंड का' को देखा हो और वो आपको फिल्म याद हो, तो इसमें अर्जुन एक हाउस हसबैंड बने थे. 2016 के हिसाब से ये बहुत मॉडर्न फिल्म थी, जिसे आलोचना का सामना भी करना पड़ा था.


पिक्चर के पोस्टर में करीना कपूर के किरदार कीया साहनी उर्फ की को अपने पति के गले में मंगलसूत्र बांधते भी दिखाया गया था. जेंडर इक्वालिटी के इर्द-गिर्द घूमती इस पिक्चर की कहानी में अर्जुन कपूर घर संभालते हैं और करीना कपूर नौकरी पर जाकर पैसे कमाती हैं. फिल्म के कई सीन्स में अर्जुन को अपने हाथ में 'मंगलसूत्र' ब्रेसलेट पहने देखा गया था. इतना ही नहीं, पिक्चर के 5 साल पूरे होने पर अर्जुन ने मंगलसूत्र के साथ अपना एक फोटो भी शेयर किया था. उस जमाने की विवादित चीज मगर प्यारी चीज, आज के जमाने के लिए लड़कियों की ख्वाहिश में बदल गई है. अब निक ने अर्जुन से ब्रेसलेट का आइडिया लिया हो या न लिया हो, लेकिन उनका स्टाइल काफी प्यारा तो जरूर है.