बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा, हॉलीवुड और कोरियन सिनेमा का लुत्फ उठाने के लिए दर्शकों का एक ही ठिकाना है, और वो है नेटफ्लिक्स. नेटफ्लिक्स इंडिया पर हर हफ्ते एक से बढ़कर एक शो और फिल्म स्ट्रीम होती है. यहां कॉमेडी, रोमांस, एक्शन, हॉरर, थ्रिलर के साथ-साथ कई अन्य फ्लेवर के प्रोजेक्ट्स ऑडियंस को परोसे जाते हैं. इनमें से कुछ आते ही जनता के फेवरेट बन जाते हैं तो कुछ अंडररेटेड रहते हैं. मगर कुछ शोज ऐसे भी हैं, जो रिलीज के बाद काफी वक्त तक टॉप बने रहते हैं. उन्हीं के बारे में हम बात कर रहे हैं. नजर डालिए नेटफ्लिक्स इंडिया पर ट्रेंड कर रहे इन प्रोजेक्ट्स पर.
वन पीस सीजन 2
Eiichiro Oda के वर्ल्ड फेमस मांगा और एनीमे पर बनी नेटफ्लिक्स की यह लाइव-एक्शन सीरीज 'वन पीस' एक एपिक पायरेट एडवेंचर है. इसमें यंग पायरेट मंकी डी लफी अपने क्रू के साथ दुनियाभर में फैले खतरों, दुश्मनों और रहस्यमयी द्वीपों को पार करते हुए खजाने वन पीस की तलाश में निकल पड़ता है. सीजन 2 में सीरीज की कहानी ग्रैंड लाइन में एंट्री करती है, जहां खतरे और चुनौतियां और भी भयानक हैं. Iñaki Godoy (लफी), एमिली रड (नामी), Mackenyu (जोरो) और नए सदस्यों के साथ यह सीरीज एक्शन, दोस्ती, सपनों और स्वतंत्रता की अद्भुत कहानी पेश करती है. अगर आप एडवेंचर, हाई-सीक्वेंस एक्शन और दिल छू लेने वाले मोमेंट्स पसंद करते हैं, तो वन पीस सीजन 2 आपके लिए है. इस शो को IMDb पर इसे 10 में से 8.4 रेटिंग मिली है. इसका सीजन 3 भी जल्द आएगा.
हैलो बच्चों
एक साधारण फिजिक्स टीचर की वो प्रेरणादायक कहानी, 'हैलो बच्चों' कुछ वक्त पहले नेटफ्लिक्स पर आई थी. टीवीएफ की इस नई बायोग्राफिकल ड्रामा सीरीज में एक्टर विनीत कुमार सिंह लीड रोल में हैं. यह सीरीज उस सच्ची घटना पर आधारित है, जहां एक सिंपल टीचर ऑनलाइन शिक्षा के जरिए गरीब और परिस्थितियों से जूझ रहे छात्रों का डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना पूरा करने में मदद करता है. 'कोटा फैक्ट्री' की तरह ही यह सीरीज शिक्षा, संघर्ष, प्रेरणा और समाज की सच्चाई को छूती है. इसे एक अलग और इंटीमेट अंदाज में भी पेश किया गया है. अगर आप सच्ची कहानियों, टीचर-स्टूडेंट रिलेशन और मोटिवेशनल ड्रामा पसंद करते हैं, तो यह सीरीज जरूर देखें. IMDb पर इसे 10 में से 8.1 रेटिंग मिली है.
रेडियोएक्टिव इमरजेंसी
1987 में ब्राजील के गोइआनिया शहर में हुई असली रेडिओलॉजिकल आपदा पर आधारित 'रेडियोएक्टिव इमरजेंसी', एक इंटेंस ड्रामा-थ्रिलर मिनी सीरीज है. इसमें स्कैवेंजर्स को एक वीरान अस्पताल से रहस्यमयी चमकदार पदार्थ (Caesium-137) मिलता है, जिसके कारण एक भयानक रेडियोएक्टिव इमरजेंसी फैल जाती है. फिजिसिस्ट, डॉक्टर्स और अधिकारियों की टीम हजारों लोगों की जान बचाने के लिए समय के खिलाफ दौड़ लगाती है. सीरीज डिजास्टर, साइंस, मानवीय संघर्ष और सरकारी रेस्पॉन्स को बढ़िया और इमोशनल तरीके से दिखाती है. अगर आपको Chernobyl जैसी रियल-इवेंट बेस्ड थ्रिलिंग स्टोरीज पसंद हैं, तो ये 5 एपिसोड वाली सीरीज भी देख डालिए. इसे IMDb पर 10 में से 7.7 रेटिंग मिली है.
मामला लीगल है
पटपड़गंज डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में रोजाना होने वाले छोटे-बड़े केस, मजेदार कर्मचारी और कोर्टरूम की पूरी उथल-पुथल के साथ 'मामला लीगल है' 2024 में नेटफ्लिक्स पर आई थी. ये एक हल्की-फुल्की लेकिन स्मार्ट लीगल कॉमेडी-ड्रामा सीरीज है. इसमें रवि किशन, निधि बिष्ट, अनंत वी जोशी और तन्वी आजमी जैसे कलाकारों ने कमाल किया था. ये सीरीज कोर्ट की कार्यप्रणाली, वकीलों-जजों की अजीबोगरीब आदतों और आम इंसान की न्याय की लड़ाई को बहुत मजेदार और रिलेटेबल तरीके से दिखाती है. ये हंसी के साथ-साथ सोशल मैसेज भी देती है. 3 अप्रैल को 'मामला लीगल है' का सीजन 2 आने वाले हैं. उससे पहले ये सीरीज ऑडियंस की रि-वॉच लिस्ट में राज कर रही है. इसे IMDb पर 10 में से 7.5 रेटिंग मिली है.
तस्करी
डायरेक्टर नीरज पांडे की नई क्राइम थ्रिलर सीरीज 'तस्करी' एक कस्टम्स अधिकारी और उनकी टीम की कहानी है, जो एक खतरनाक और शक्तिशाली स्मगलिंग सिंडिकेट को खत्म करने की जंग लड़ रहा है. इमरान हाशमी ने इस शो में लीड रोल निभाया है. इसमें दिल्ली एयरपोर्ट की कहानी को दिखाया गया है, जहां तैनात ईमानदार अधिकारी को पता चलता है कि स्मगलिंग का जाल कितना गहरा और मजबूत है. सीरीज में भरपूर सस्पेंस, ट्विस्ट, एक्शन और रियलिस्टिक इंटेलिजेंस वर्क है. IMDb पर इसे 10 में से 7.1 रेटिंग मिली है.