रणबीर कपूर की रामायण के टीजर ने आते ही इंटरनेट पर धमाका कर दिया है. बुरा हो या अच्छा, लेकिन इस फिल्म को लेकर बज चालू है. 4000 करोड़ के भारी भरकम बजट से बनी इस फिल्म को बनाना इतना आसान नहीं था. ऐसे में इस मेगा प्रोजेक्ट को बनाने वाले शख्स के बारे में जान लेना अहम है. नितेश तिवारी के ड्रीम प्रोजेक्ट रामायण को बड़ा बैकअप देने वाले वो शख्स हैं नमित मल्होत्रा. उन्होंने नितेश तिवारी के ग्रैंड विजन को हकीकत बनाया है. नमित इस फिल्म के प्रोड्यूसर हैं.
नमित को शायद रामायण के ऐलान से पहले कोई नहीं जानता था. अब हर कोई उनसे वाकिफ है. क्योंकि मूवी को नमित मल्होत्रा के नाम से प्रमोट किया जा रहा है. वो पेशे से फिल्म प्रोड्यूसर और VFX एक्सपर्ट हैं. नमित दुनिया के अमीरों के एलीट क्लब में शुमार हैं. हुरून ग्लोबल रिट लिस्ट 2026 में नमित की 9,204 करोड़ की संपत्ति का खुलासा हुआ. इस रिपोर्ट में जानते हैं कैसे गैराज से काम शुरू करने वाला ये शख्स आज करोड़पति बन गया है.
नमित का फिल्मी बैकग्राउंड है. उनके दादा एम एन मल्होत्रा इंडस्ट्री से जुड़े हुए थे. वो 1953 में आई मूवी झांसी की रानी के सिनेमेटोग्राफर थे. नमित के पिता एक सक्सेसफुल प्रोड्यूसर और डायरेक्टर थे. नमित ने बचपन से फिल्मी दुनिया को देखा और जिया. इस फील्ड ने उन्हें आकर्षित किया. लेकिन वो एक्टिंग या डायरेक्शन की तरफ नहीं गए, बल्कि टेक्निकल और विजुअल इफेक्ट्स के काम ने उन्हें अट्रैक्ट किया.
कैसे शुरू हुआ नमित का करियर?
सिनेमा की दुनिया से जुड़ने से पहले नमित ने 19 की उम्र में वीडियो वर्कशॉप नाम से अपना एडिटिंग स्टूडियो खोला. इसके लिए उनके पास कोई बड़ा इंवेस्टेमेंट या लग्जूरियस सेटअप नहीं था. वो अपने पिता के गैराज में कुछ कंप्यूटर लगाकर काम करते थे. इस स्टार्टअप के लिए नमित ने अपने कंप्यूटर ग्राफिक्स स्कूल के 3 टीचरों को अपने साथ जोड़ा. टीवी शो बूगी वूगी के लिए एडिटिंग के काम से उनका सफर शुरू हुआ. अपने काम को एक्सपैंड करने के लिए नमित ने कई और मशीनें खरीदीं, उन्हें घर भी गिरवी रखना पड़ा था. इसमें बहुत बड़ा रिस्क था, लेकिन नमित को यकीन था वो इसे घाटे का सौदा नहीं बनने देंगे.
1997 उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव लेकर आया. उन्होंने अपनी छोटी स्टार्टअप को पिता के बिजनेस के साथ मिलाकर बड़ी कंपनी खोली. बेस्ट बनने की चाहत में उन्होंने अपनी कंपनी को ब्रिटेन की फेमस विजुअल इफेक्ट्स स्टूडियो डबल निगेटिव (DNEG) में विलय किया. नमित इस कंपनी के अध्यक्ष और सीईओ हैं. उनकी लीडरशिप में इस कंपनी ने बड़ी उड़ान भरी.
आज ग्लोबली इस कंपनी की चर्चा होती है. नमित की कंपनी ने बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स के लिए 8 बार एकेडमी और मल्टीपल बाफ्टा अवॉर्ड्स जीते हैं. उनकी ये कंपनी हॉलीवुड और बॉलीवुड दोनों इंडस्ट्रीज के लिए काम करती है. उनकी कंपनी DNEG ने इंसेप्शन, फर्स्ट मैन, टेनेट, इंटरस्टेलर, ब्रह्मास्त्र, RRR, ड्यून के लिए वीएफएक्स तैयार किया है. अब नमित अपने इस एक्सपीरिंयस के साथ इंडिया की सबसे महंगी फिल्म रामायण बना रहे हैं. एक इंटरव्यू में नमित ने खुद इसका बजट 4000 करोड़ होने का खुलासा किया था.
रामायण फिल्म इसी साल दिवाली पर रिलीज होगी. देखना होगा नमित और नितेश तिवारी का विजन दर्शकों की कसौटी पर कितना खरा उतरता है.