मशहूर सिंगर दलेर मेहंदी के शराब के नशे में प्रोग्राम करने का विवाद गरमाया हुआ है. उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सिंगर को भरी महफिल में जमकर अपमानित किया था. सिंगर का कॉन्सर्ट बीच में रोका और उन पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया. इस घटना पर मीका सिंह और फिल्म इंडस्ट्री ने दलेर मेहंदी को सपोर्ट किया है. मैटर में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी हस्तक्षेप किया. दलेर और मीका से बात की. लेकिन मीका मंत्री की माफी की मांग पर अड़े हैं. शुक्रवार को मीका ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मुद्दे को एड्रेस किया. उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से मिले सपोर्ट का शुक्रिया अदा किया.
इमोशनल हुए दलेर मेहंदी
मीका सिंह ने अपने भाई दलेर मेहंदी के दिल का हाल बयां किया. उन्होंने कहा, सबसे बड़ी परेशानी की बात है कि ये सब मेरे भाई (दलेर मेहंदी) के साथ हुआ, जो पूरी तरह निर्दोष हैं. उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया था. अब मैं क्या करता? अगर मैं लगातार वीडियो बनाकर बयान देता रहता, तो लोग कहते कि मुझे बस यही सब करना है. इसलिए मैंने काफी सोच-विचार करने के बाद रात में एक वीडियो रिकॉर्ड किया. अगले दिन जब मैंने पाजी को फोन किया, तो वो भावुक होकर रोने लगे. मैं थोड़ा मुंहफट हूं और अक्सर उन्हें डांटता भी हूं कि वो हर बात के लिए हां क्यों कर देते हैं. लेकिन इससे पहले कि मैं उनसे कुछ कह पाता, वो बच्चे की तरह रोने लगे.
सुबोध उनियाल से नाराज मीका
मीका ने बताया कि दलेर पाजी के साथ जिस तरह से बात की गई, उसे देखकर मुझे बहुत बुरा लगा. आजकल किसी को सबके सामने डांटने पर बड़ा विवाद बन जाता है, चाहे वो स्कूल हो या कॉलेज. मैंने अपने 23 साल के संघर्ष के दौरान भी ऐसा कभी नहीं देखा कि किसी ने मुझे इस तरह डांटा हो. बस बचपन में एक बार शादी में मुझे डांट पड़ी थी, क्योंकि मैंने मेहमानों के आने से पहले ही खाना खा लिया था. उस वक्त गलती मेरी थी. मंत्री ने दलेर पाजी की छवि को जो नुकसान पहुंचाया है, वो सरासर गलत है. स्टेज पर उन पर शराब पीकर आने और ठीक से खड़े तक नहीं हो पाने का झूठा आरोप लगाने के लिए मैं उन्हें कभी माफ नहीं करूंगा.
कुंजापुरी प्रोग्राम में क्या हुआ था?
मीका के मुताबिक, दलेर मेहंदी एक दोस्त की मदद करने के लिए आगे आए थे. उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, फिर भी वो बिस्तर से उठकर गए और करीब डेढ़ घंटे तक परफॉर्म किया. दोस्त अक्सर ऐसे मुश्किल वक्त में बिना किसी हिचकिचाहट के एक-दूसरे का साथ देते हैं. दलेर जी ने भी बिना किसी प्री-रिकॉर्डेड ट्रैक के पूरी लाइव परफॉर्मेंस दी और दर्शकों का मनोरंजन किया.
सीएम ने मांगी माफी
मीका ने सीएम धामी से हुई बातचीत का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा- आज सुबह ही मेरी अपने बड़े भाई, प्यारे दोस्त और मेरे लिए बेहद सम्मानित उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात हुई. जब भी मैं देहरादून जाता हूं, वो मेरा गर्मजोशी से स्वागत करते हैं. वो बेहद सरल और जमीन से जुड़े इंसान हैं. दलेर पाजी और मेरे साथ उन्होंने जिस तरह से बात की, वो बहुत विनम्र और शालीन था. उन्होंने मंत्री सुबोध उनियाल की तरफ से माफी मांगी. हालांकि, मैंने उन्हें कहा कि इसकी कोई जरूरत नहीं थी, क्योंकि उनकी कोई गलती नहीं थी.
सेलेब्स का जताया आभार
मीका ने दलेर मेहंदी को सपोर्ट करने के लिए सेलेब्स का शुक्रिया अदा किया. वो कहते हैं- मैं पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री, पंजाब के लोगों और दलेर पाजी के सभी फैंस का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. जिस वीडियो में उन्हें डांटा गया था, उसे देखने के बाद लोगों ने जिस तरह से सपोर्ट दिखाया, उसके लिए मैं सभी का आभारी हूं.