टीवी का फेमस कपल करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश चार साल तक डेट करने के बाद जल्द शादी करने वाले हैं. नेटफ्लिक्स के नए शो देसी ब्लिंग में करण ने एक्ट्रेस को प्रपोज किया. दोनों की इंगेजमेंट के मोमेंट को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया. लेकिन जब राखी सावंत ने उनके इंगेजमेंट वीडियो और शो देखा, तो उन्होंने कुछ मजेदार कमेंट्स किए.
दरअसल नेटफ्लिक्स ने राखी को देसी ब्लिंग शो रिएक्ट करने बुलाया था, जिसे उन्होंने अपने स्टाइल से देखा. राखी अपने एंटरटेनिंग अंदाज में हर मोमेंट पर मजेदार कमेंट्स करती नजर आईं. एक्ट्रेस ने करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश की जोड़ी को देखकर हैरानी जताई. जब उन्हें पता चला कि कपल दुबई शिफ्ट हो रहा है, तो उन्हें विश्वास नहीं हुआ.
क्यों राखी ने कसा करण-तेजस्वी पर तंज?
राखी सावंत ने करण-तेजस्वी की जोड़ी को टाइपराइटर बोला. जब करण ने कहा कि उन्हें अपनी और तेजस्वी की जोड़ी एक दूसरे के टाइप की नहीं लगती, तो राखी ने तुरंत कहा कि मुझे तुम दोनों ही टाइप के नहीं लगते. बल्कि तुम तो टाइपराइटर लगते हो. आगे वीडियो में राखी ने करण-तेजस्वी की सगाई मोमेंट का मजाक उड़ाया.
राखी ने तेजस्वी के रिएक्शन पर तंज कसा. आगे उन्होंने और भी कई सारी बातें कहीं. एक्ट्रेस ने कहा कि जब बिग बॉस शो में करण-तेजस्वी की जोड़ी बनी, तब उन्हें यकीन नहीं था कि वो 2 हफ्ते भी साथ रहेंगे. लेकिन ऐसा नहीं हुआ, बल्कि उनकी खुद की शादी टूट गई. राखी ने शो में दिखाई गई लग्जरी लाइफस्टाइल पर हैरानी जताई. एक बिजनेसमैन अपनी एक साल की बेटी को रोल्स रॉयस गाड़ी गिफ्ट करता है, और अपनी पत्नी को 40 किलो सोना देता है. जब राखी ने ये सुना, तो उनके जैसे होश ही उड़ गए. वो मजेदार कमेंट्स करने लगीं.
राखी के इस वीडियो को यूजर्स ने भी बड़ा पसंद किया है. हर कोई उनके अंदाज का फैन बन चुका है. नेटफ्लिक्स और राखी का ये कोलैब लोग लेजेंडरी बुला रहे हैं. दिलचस्प बात ये है कि करण कुंद्रा ने भी राखी के अंदाज को पसंद किया है.