बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'हेरा फेरी' के फैंस के लिए एक बड़ी झटके वाली खबर सामने आई है. दिग्गज फिल्म मेकर प्रियदर्शन ने साफ कर दिया है कि वो फिलहाल 'हेरा फेरी 3' का हिस्सा नहीं हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने फिल्म के भविष्य पर भी गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि मौजूदा हालात में ये फिल्म शायद कभी सिनेमाघरों तक ही न पहुंच पाए.
ये खुलासा तब हुआ जब प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला ने वरायटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में बताया कि प्रियदर्शन अब फिल्म का डायरेक्शन नहीं कर रहे हैं.
इस पर रिएक्ट करते हुए प्रियदर्शन ने कहा- फिरोज ने जो कहा है, वो बिल्कुल सही है. फिलहाल मेरा 'हेरा फेरी 3' से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने आगे कहा- मेरी जानकारी के अनुसार, कई कानूनी विवादों और निजी मतभेदों के चलते 'हेरा फेरी 3' शायद कभी रिलीज नहीं हो पाएगी. इसमें मेरा होना या न होना अब ज्यादा मायने नहीं रखता.
फैंस का टूटा दिल
प्रियदर्शन के इस बयान ने उन करोड़ों फैंस की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है, जो अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की आइकॉनिक तिकड़ी को एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे थे. खास बात ये थी कि प्रियदर्शन भी 2000 की सुपरहिट 'हेरा फेरी' के बाद एक बार फिर इस फ्रेंचाइजी की कमान संभालने वाले थे.
कानूनी विवाद बना सबसे बड़ी रुकावट
'हेरा फेरी 3' लंबे समय से विवादों में घिरी हुई है. सबसे बड़ा विवाद फिल्म के राइट्स को लेकर है. दक्षिण भारत की प्रोडक्शन कंपनी सेवेन आर्ट्स इंटरनेशनल का दावा है कि 'हेरा फेरी' फ्रेंचाइजी और उसके किरदारों के अधिकार उसके पास हैं. वहीं, फिल्म मेकर फिरोज नाडियाडवाला इस दावे को लगातार खारिज करते रहे हैं.
मामला तब और उलझ गया जब अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस की ओर से कहा गया कि उन्होंने फिल्म के अधिकार फिरोज नाडियाडवाला से इस भरोसे पर खरीदे थे कि उनके पास ही वैध अधिकार मौजूद हैं.
परेश रावल की एंट्री-एग्जिट ने बढ़ाई हलचल
फिल्म को लेकर असमंजस तब और बढ़ गया था, जब मई 2025 में परेश रावल ने अचानक प्रोजेक्ट छोड़ दिया था. हालांकि बाद में उन्होंने दोबारा वापसी कर ली, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने फिल्म के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलों को जन्म दिया.
दिलचस्प बात ये है कि हाल ही में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में एक साथ नजर आए, जिसका प्रोडक्शन फिरोज नाडियाडवाला कर रहे हैं. लेकिन 'हेरा फेरी 3' को लेकर जारी कानूनी लड़ाई और प्रियदर्शन के अलग होने के बाद अब इस मच-अवेटेड फिल्म का भविष्य अधर में लटकता नजर आ रहा है.
फिलहाल फैंस की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सभी विवाद सुलझेंगे और 'हेरा फेरी 3' कभी बड़े पर्दे तक पहुंच पाएगी या ये सिर्फ एक अधूरा सपना बनकर रह जाएगी.