scorecardresearch
 

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों पर चढ़ा 'धुरंधर' का खुमार, शेयर किया वीडियो, PAK को किया ट्रोल!

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के फेयरवेल वीडियो में उनके दौरे के कुछ पल दिखाए गए हैं और इसमें धुरंधर का टाइटल ट्रैक का यूज किया गया है. जो काफी वायरल है. इसके अलावा लोगों के काफी रिएक्शन भी आए हैं.

Advertisement
X
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (Photo: ITG)
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (Photo: ITG)

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का भारत दौरा केवल कूटनीति और समझौतों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि जाते-जाते उन्होंने इसे पूरी तरह से फिल्मी बना दिया. अपने आधिकारिक दौरे की समाप्ति पर मैक्रों ने सोशल मीडिया पर एक फेयरवेल वीडियो शेयर किया, जो देखते ही देखते काफी वायरल हो गया.

शेयर किए गए वीडियो की सबसे खास बात इसका बैकग्राउंड म्यूजिक था- डायरेक्टर आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' का दमदार टाइटल ट्रैक. जैसे ही यह वीडियो सामने आया, लोगों का ध्यान गंभीर चर्चाओं से हटकर इस जबरदस्त बॉलीवुड स्वैग पर टिक गया और एक रूटीन 'गुडबाय' पल भर में वायरल मोमेंट में बदल गया.

मैक्रों ने शेयर किया वीडियो
राष्ट्रपति मैक्रों ने अपनी इस क्लिप के साथ बस छोटा सा कैप्शन लिखा, 'थैंक यू इंडिया!', लेकिन उनके फैंस और नेटिजन्स की नजर उनके म्यूजिक चॉइस पर थी. वीडियो पोस्ट होते ही कमेंट सेक्शन भर गया.

एक यूजर ने हैरानी जताते हुए लिखा, 'क्या कोई 'धुरंधर' के बैकग्राउंड गाने के बारे में बात नहीं करेगा?' कुछ लोगों ने इस पर चुटकी लेते हुए कहा, 'इसे कहते हैं धुरंधर-लेवल की मीटिंग.' वहीं ज्यादातर लोग इस बात से हैरान थे कि एक विदेशी राष्ट्राध्यक्ष ने अपनी विदाई के लिए इतने जोशीले भारतीय ट्रैक को चुना.

Advertisement

धुरंधर का चढ़ा खुमार 
जिस गाने ने मैक्रों के वीडियो में जान फूंकी, वह रणवीर सिंह की मल्टीस्टारर फिल्म 'धुरंधर' का 'ना दे दिल परदेसी नूं' है. पिछले साल 5 दिसंबर को रिलीज हुई इस फिल्म में संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे बड़े कलाकार नजर आए थे. फिल्म की सफलता को देखते हुए अब मेकर्स इसका पार्ट 2 'धुरंधर: द रिवेंज' लेकर आ रहे हैं, जो 19 मार्च को रिलीज होगा. हाल ही में आए इसके हिंदी टीजर ने सोशल मीडिया पर पहले ही काफी बज बना दिया है. बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म की सीधी टक्कर यश की फिल्म 'टॉक्सिक' से होने की उम्मीद है.

पाकिस्तान को किया ट्रोल?
वहीं सोशल मीडिया पर इस बात की चर्चा भी हुई कि क्या मैक्रों ने इशारों-इशारों (indirect) में पाकिस्तान को धुरंधर के गाने के माध्यम से ट्रोल कर दिया? ये सभी को पता है कि फिल्म पाकिस्तान में पहले से ही बैन है और यह फिल्म आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो-टॉलरेंस नीति और जासूसी मिशन पर आधारित है. ऐसे में इस गाने के सिलेक्शन से भी लोग हैरान हुए.

फिल्मी सेलेब्स से मुलाकात
मैक्रों का यह तीन दिवसीय दौरा मुंबई और नई दिल्ली में काफी बिजी रहा. राष्ट्रपति मैक्रों और फ्रांस की फर्स्ट लेडी ब्रिगिट मैक्रों ने इंडियन फिल्म इंडस्ट्री की दिग्गज हस्तियों के साथ एक स्पेशल कार्यक्रम में शिरकत की, जिसने दोनों देशों के सांस्कृतिक रिश्तों को नई ऊंचाई दी. इस दौरे का सबसे अहम पड़ाव नई दिल्ली में आयोजित 'AI इम्पैक्ट समिट' रहा. यह समिट विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भारत और फ्रांस के बीच बढ़ते तालमेल का गवाह बनी. इससे पहले फरवरी 2025 में दोनों देशों ने 'AI एक्शन समिट' की सह-अध्यक्षता भी की थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement