scorecardresearch
 

Imran Khan ने नमाज के साथ गाया शिव तांडव! जपजी साहब का भी किया, बोले- सब भाई-भाई

रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' के गाने 'दिल पे जख्म खाते हैं' को गाने वाले इमरान खान ने बताया कि उन्हें गायत्री मंत्र याद है और वह शिव तांडव भी रिकॉर्ड कर चुके हैं. जानिए धर्म, ट्रोलिंग और भाईचारे पर उन्होंने क्या कहा.

Advertisement
X
कौन है धुरंधर सिंगर? (Photo: Screengrab)
कौन है धुरंधर सिंगर? (Photo: Screengrab)

'दिल पे जख्म खाते हैं, जान से गुजरते हैं...' रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' का यह गाना इन दिनों लोगों की जुबान पर है. इस गाने को अपनी आवाज देने वाले पंजाबी सिंगर इमरान खान यानी खान साब ने हाल ही में अपनी धार्मिक सोच को लेकर कुछ ऐसी बातें कही हैं, जिन्होंने सबका ध्यान खींच लिया है. इमरान ने बताया कि उन्हें पूरा गायत्री मंत्र याद है. इतना ही नहीं, वह जपजी साहब का पाठ कर चुके हैं और शिव तांडव भी रिकॉर्ड कर चुके हैं. बचपन से ही वह माता के भजन भी गाते आ रहे हैं.

इमरान की ये बातें इसलिए भी खास हैं, क्योंकि उन्होंने साफ कहा है कि इंसान को अपने धर्म का पालन जरूर करना चाहिए, लेकिन दूसरे धर्मों का सम्मान करना भी उतना ही जरूरी है.

'मैंने नमाज भी रिकॉर्ड की और शिव तांडव भी'

इमरान खान को लोग प्यार से खान साब भी कहते हैं. न्यूज बुक को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अपने संगीत के सफर और अलग-अलग धार्मिक रचनाओं से जुड़ाव पर खुलकर बात की. इमरान ने बताया कि उन्होंने जपजी साहब का पाठ किया है और शिव तांडव भी रिकॉर्ड किया है.

सिंगर ने कहा, "मैंने जपजी साहब का पाठ भी किया है. नमाज भी रिकॉर्ड की और शिव तांडव भी रिकॉर्ड किया. मुझे नहीं लगता पंजाबी इंडस्ट्री में किसी ने शिव तांडव रिकॉर्ड किया होगा. मैंने सारे श्लोक याद किए थे. मेरे लिए बहुत मुश्किल था, क्योंकि मैंने कभी संस्कृत बोली ही नहीं. हम पंजाबी हैं. हमें कहां संस्कृत आती है. पर जब मेरे दोस्त ने मुझसे कहा कि तुम्हें ये रिकॉर्ड करना चाहिए, तो मैंने कहा बिल्कुल."

Advertisement

इमरान की मानें तो संस्कृत उनके लिए आसान नहीं थी, लेकिन उन्होंने श्लोक याद किए और पूरे मन से शिव तांडव रिकॉर्ड किया. यही नहीं, बचपन से माता के भजन गाने की वजह से भी उनका अलग-अलग धार्मिक रचनाओं से जुड़ाव रहा है.

'अपने धर्म को फॉलो करो, लेकिन सभी की रिस्पेक्ट करो'

इंटरव्यू में इमरान ने धार्मिक सहिष्णुता पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की सीख का जिक्र करते हुए कहा कि अगर कोई अपने धर्म का सम्मान करता है, तो उसे दूसरे धर्मों की इज्जत करना भी आना चाहिए.

इमरान ने कहा, "हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने कहा कि अगर आप अपने धर्म की रिस्पेक्ट करते हो न, तो आप दूसरे के धर्म की भी रिस्पेक्ट करना जानोगे. अगर आप अपने धर्म की रिस्पेक्ट नहीं करते, तो आप दूसरे धर्म की भी रिस्पेक्ट नहीं कर पाओगे. तो उन्होंने यही बताया है कि आप अपने धर्म को फॉलो करो, लेकिन रिस्पेक्ट सभी धर्मों की करो."

सिंगर की इस बात का सीधा मतलब है कि आस्था अपनी जगह है, लेकिन इंसानियत और एक-दूसरे के धर्म के प्रति सम्मान भी उतना ही जरूरी है.

'मैं अपने धर्म में ठीक हूं, किसी का हक नहीं मारता'

जब इमरान से पूछा गया कि अलग-अलग धर्मों के मंत्र और पाठ गाने की वजह से क्या कभी उनके खिलाफ फतवा जारी हुआ या किसी तरह का विवाद हुआ, तो उन्होंने कहा कि उन्हें लोगों की टिप्पणियों से फर्क नहीं पड़ता. वह जानते हैं कि उनके लिए क्या सही है और क्या गलत.

Advertisement

इमरान ने कहा, "बहुत लोग बोलते हैं, बहुत लोग कमेंट करते हैं. मुझे फर्क नहीं पड़ता. मैं किस-किस को जवाब दूं? मैं जो कर रहा हूं, मुझे पता है कि मैं अपने धर्म में ठीक हूं. मुझे पता है कि क्या सही है और क्या गलत है. किसी का हक नहीं मारता मैं. किसी का जानबूझकर दिल नहीं दुखाता."

उन्होंने आगे बताया कि जपजी साहब का पाठ करने पर उन्हें लोगों से प्यार और तारीफ भी मिली है. इमरान के मुताबिक, सिख समुदाय के लोग भी उन्हें खूब प्यार देते हैं और हिंदू धर्म को मानने वाले लोग भी उनके गाने पसंद करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें गायत्री मंत्र याद है.

'हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी भाई हैं'

इमरान खान की बातों में सबसे खास उनका यह संदेश रहा कि धर्म के नाम पर लोगों के बीच दूरी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि वह अपने धर्म को मानते हैं, लेकिन दूसरे धर्मों के प्रति भी उनके मन में पूरा सम्मान है.

'धुरंधर' के गाने से चर्चा में आए इमरान खान का यह इंटरव्यू संगीत से आगे बढ़कर आपसी भाईचारे और धार्मिक सम्मान का संदेश देता है. उनका मानना है कि किसी दूसरे धर्म की इबादत या धार्मिक रचना का सम्मान करने का मतलब अपने धर्म से दूर होना नहीं है. आखिर में उनकी यही बात दिल छूती है कि हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी भाई हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement