धुरंधर 2 का दूसरा हफ्ता भी बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार चल रहा है. दूसरे वीकेंड का सबसे बड़ा कलेक्शन ला चुकी इस फिल्म के लिए सोमवार एक स्पीड ब्रेकर बनता नजर आया. लेकिन मंगलवार ने धुरंधर 2 को फिर से पावर दी है. सोमवार के मुकाबले धुरंधर 2 को मंगलवार के दिन करीब 10% का जंप मिला, जो वर्किंग डेज़ में बहुत कम देखने को मिलता है. 13 दिन की कमाई से फिल्म ने 900 करोड़ का माइलस्टोन छूकर एक और रिकॉर्ड बना लिया है. लेकिन बड़ा सवाल ये है कि क्या ये रफ्तार इंडिया में धुरंधर 2 को सबसे बड़ी फिल्म बना सकती है?
धुरंधर 2 का दमदार मंगलवार
सोमवार यानी 12वें दिन रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर थोड़ी स्लो पड़ती नजर आई थी. ये पहला दिन था जब धुरंधर 2 का डेली कलेक्शन 40 करोड़ से कम हुआ और 25 करोड़ की रेंज में चला गया. लेकिन मंगलवार ने फिल्म को फिर से थोड़ा सा पुश दिया है.
सैकनिल्क का डेटा बताता है कि मंगलवार यानी 13वें दिन धुरंधर 2 ने 27.75 करोड़ नेट कलेक्शन किया है. ये सोमवार के मुकाबले ऑलमोस्ट 10% का जंप है. इसके साथ धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर 13वें दिन सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म बन गई है. पहले ये रिकॉर्ड इसी के पहले पार्ट धुरंधर के नाम था, जिसने 13वें दिन 25.70 करोड़ कमाए थे.
सबसे बड़ा इंडिया कलेक्शन
मंगलवार के कलेक्शन से धुरंधर 2 का नेट इंडिया कलेक्शन 900 करोड़ हो गया है. इसने 896 करोड़ कमाने वाली धुरंधर पार्ट 1 को पीछे छोड़ दिया है और अब सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्म है. इंडियन बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 तीसरी सबसे बड़ी फिल्म बन गई है और 1000 करोड़ नेट कलेक्शन की तरफ तेजी से बढ़ रही है. इंडिया में 1000 करोड़ नेट कलेक्शन का लैंडमार्क सबसे पहले बाहुबली 2 ने पार किया था. लेकिन ये अब दूसरे नंबर पर है, क्योंकि इस रिकॉर्ड पर अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 का राज चल रहा है. पुष्पा 2 ने करीब 1234 करोड़ नेट इंडिया कलेक्शन किया था.
धुरंधर 2 जिस तरह आगे बढ़ रही है, उससे साफ है कि ये अगले एक हफ्ते में बाहुबली 2 के टोटल इंडिया कलेक्शन को पीछे छोड़ देगी. लेकिन पुष्पा 2 का रिकॉर्ड इसकी पहुंच से बाहर नजर आ रहा है. अल्लू अर्जुन की फिल्म से आगे निकलने के लिए धुरंधर 2 को इंडिया में करीब 324 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन और करना होगा. लेकिन सोमवार के बाद से अब धुरंधर 2 का इतना और कमाना थोड़ा मुश्किल नजर आ रहा है.
हालांकि रणवीर सिंह की इस फिल्म के लिए जनता का सपोर्ट तगड़ा है. कामकाजी दिनों में भी फिल्म के टिकट खूब बिक रहे हैं और दूसरी बार धुरंधर 2 देखने के लिए तैयार दर्शक खूब नजर आ रहे हैं. मगर इंडियन बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 के लिए पुष्पा 2 का ऑल टाइम रिकॉर्ड तोड़ना मुश्किल काम है.