देओल परिवार बॉलीवुड इंडस्ट्री में सबसे पसंद किया जाने वाला परिवार माना जाता है. धर्मेंद्र को प्यार करने वाले लाखों-करोड़ों लोग थे. लेकिन जब वो गुजर गए, तब कई लोगों का दिल अचानक टूट गया. उन्हें लेजेंडरी एक्टर के अंतिम दर्शन करने भी नहीं मिले. ये समय पूरे परिवार के लिए काफी मुश्किलों से भरा था.
जब धर्मेंद्र गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे, तब उनके बड़े बेटे सनी देओल ने पैपराजी को फटकार दिया था. एक्टर पैप्स के बर्ताव और उनके किए हुए काम से तंग आ गए थे. इसलिए उनके मुंह से ऐसी बातें निकल गईं, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर खूब वायरल किया गया. सनी ने पैप्स को गाली देते हुए खूब गुस्सा किया.
भाई सनी के गुस्से पर बोले बॉबी देओल
इस अनचाही घटना पर सनी देओल के छोटे भाई यानी बॉबी देओल ने पहली बार बात की है. जूम को दिए इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा कि चूंकि उनका परिवार फिल्म इंडस्ट्री से है, इसलिए उनके द्वारा किया गया हर काम पब्लिक की नजरों में रहता है.
बॉबी ने अपनी निराशा जताते हुए कहा- मुझे इस बारे में बात करने का मन नहीं है, क्योंकि ये सिर्फ मेरे परिवार के साथ नहीं बल्कि बहुत सारे लोगों के साथ हो रहा है. क्योंकि मेरा परिवार मशहूर है, इसलिए लोग इसे ज्यादा नोटिस करते हैं. लेकिन किसी भी आम शहर या गांव में, जब किसी के साथ कुछ गलत होता है, तो लोग बस वीडियो बनाना चाहते हैं और इंस्टाग्राम पर डाल देते हैं.
'वो ये नहीं देखते कि उस इंसान या परिवार को कितना दर्द हो रहा है. मुझे लगता है लोगों को ये बात समझनी चाहिए. जब वो समझ जाएंगे, तो शायद रील्स और ऐसी चीजों में इतना ज्यादा उलझना छोड़ देंगे. जिंदगी ऐसी ही है. चीजें होती रहती हैं और हम कभी पूरी तरह तैयार नहीं होते. इसलिए ये समय बहुत मुश्किल रहा है, लेकिन फिर भी मैं अंदर से बहुत पॉजिटिव महसूस कर रहा हूं.'
पिता को मिस करते हैं बॉबी
बॉबी देओल ने अपने पिता धर्मेंद्र को लेकर कहा- मुझे उनकी एनर्जी महसूस हो रही है, उनकी गर्माहट महसूस हो रही है. माता-पिता को खोना किसी के लिए भी बहुत मुश्किल होता है. जिसने भी माता-पिता को खोया है, उसे इस दर्द से गुजरना ही पड़ता है. इसका कोई फिक्स तरीका नहीं है. आपको खुद अपना तरीका ढूंढना होता है. लेकिन मुझे लगता है कि मेरे पापा हर जगह मेरे साथ हैं — मेरे आस-पास, मेरे अंदर. अभी भी वो यहीं हैं, मुझे देख रहे हैं और बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं. मुझे लगता है कि उनकी ही एनर्जी मुझे मेहनत करने की प्रेरणा दे रही है.
बॉबी देओल के वर्क फ्रंट की बात करें, तो वो इन दिनों एक से बढ़कर एक प्रोजेक्ट्स में नजर आ रहे हैं. कुछ दिन पहले वो अनुराग कश्यप की फिल्म बंदर में दिखे, जिसे क्रिटिक्स ने काफी पसंद किया. लेकिन इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन निराशाजनक रहा. हालांकि वो जल्द यश राज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की फिल्म अल्फा में नजर आएंगे, जिसमें वो मेन विलेन हैं.