scorecardresearch
 

भूत बंगला को मिली उम्मीद से बेहतर शुरुआत, रिलीज से पहले पेड प्रीव्यू से ही कर डाला तगड़ा कलेक्शन

अक्षय कुमार और उनके फैन्स को भूत बंगला से काफी उम्मीदें हैं. प्रियदर्शन के साथ उनका रीयूनियन वो फिल्म साबित हो सकता है जो लंबे समय बाद अक्षय की बड़ी हिट बनेगा. इसका पहला हिंट पेड प्रीव्यू की कमाई से लगने लगा है. भूत बंगला के प्रीव्यूज उम्मीद से काफी बेहतर कलेक्शन लेकर आए.

Advertisement
X
भूत बंगला को मिली उम्मीद से बेहतर शुरुआत (Photo: Instagram/@akshaykumar)
भूत बंगला को मिली उम्मीद से बेहतर शुरुआत (Photo: Instagram/@akshaykumar)

अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी 16 साल बाद बड़े पर्दे पर नया शाहकार लेकर आई है— भूत बंगला. हेराफेरी, गरम मसाला और भूल भुलैया जैसी आइकॉनिक कॉमेडी फिल्में दे चुकी इस जोड़ी पर जनता को काफी भरोसा है. हालांकि, अक्षय का रिकॉर्ड लॉकडाउन के बाद से थोड़ा कमजोर चल रहा है.

पिछले 4 सालों में अक्षय की एक दर्जन से ज्यादा फिल्मों में से ज्यादातर बॉक्स ऑफिस पर कायदे से परफॉर्म नहीं कर पाई हैं. जो फ्लॉप होने से बची भी हैं, उन्हें हिट नहीं कहा जा सकता. ऐसे में भूत बंगला से अक्षय और उनके फैन्स को बहुत उम्मीदें होंगी. उनके फेवर में एक अच्छी खबर है. शुक्रवार को थिएटर्स में भूत बंगला रिलीज होने से पहले, गुरुवार को भूत बंगला के पेड प्रीव्यू शोज भी हुए थे. और इन पेड प्रीव्यूज में फिल्म ने उम्मीद से बहुत बेहतर परफॉर्म किया है.

पेड प्रीव्यूज में भूत बंगला का कमाल
भूत बंगला की एडवांस बुकिंग में पहले पेड प्रीव्यूज की बुकिंग ही शुरू हुई थी. गुरुवार को दोपहर बाद ये शोज तेजी से भरते नजर आए. दिल्ली-मुंबई की कई लोकेशंस पर भूत बंगला के पेड प्रीव्यू शोज फास्ट-फिलिंग मोड में थे. इससे ही अंदाजा लगने लगा था कि भूत बंगला के लिए जनता में कुछ एक्साइटमेंट जरूर है.

Advertisement

अब सैकनिल्क का डेटा बता रहा है कि भूत बंगला ने पेड प्रीव्यूज से करीब 3.50 करोड़ से 3.75 करोड़ के बीच नेट कलेक्शन किया है. फिल्म के पेड प्रीव्यूज गुरुवार को रात 9 बजे से शुरू हुए थे, यानी इन शोज की गिनती बहुत ज्यादा नहीं थी. लेकिन भूत बंगला के लिए शहरी थिएटर्स में अच्छा मोमेंटम बनता नजर आया. ट्रेड को फिल्म के प्रीव्यू शोज से 2-3 करोड़ कलेक्शन की उम्मीद थी. लेकिन भूत बंगला ने उम्मीद से कहीं बेहतर कलेक्शन किया है.

भूत बंगला के लिए ये एक बहुत अच्छा इशारा है. फिल्म को जनता से अक्षय की पिछली फिल्मों के मुकाबले उम्मीद से बेहतर शुरुआत मिलने की उम्मीद है. भूत बंगला को ठीकठाक रिव्यू मिल रहे हैं और शुरुआती शोज से जनता का रिस्पॉन्स भी पॉजिटिव साइड पर नजर आ रहा है. अक्षय की फिल्म से पहले दिन 10 करोड़ के आसपास ओपनिंग कलेक्शन की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन पेड प्रीव्यूज की रिपोर्ट देखने के बाद माना जा सकता है कि शुक्रवार को भूत बंगला 13 करोड़ से 15 करोड़ के बीच कलेक्शन कर सकती है.

फिल्म का बजट करीब 100 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. ऐसे में पेड प्रीव्यूज के साथ अगर भूत बंगला 15 करोड़ से 18 करोड़ के बीच ओपनिंग कलेक्शन करती है, तो इसे एक सॉलिड प्लेटफॉर्म मिलेगा. करीब एक महीने पहले आई धुरंधर 2 के बाद से नई, बड़ी फिल्म का इंतजार कर रहे थिएटर्स में भूत बंगला अच्छी भीड़ जुटा सकती है. ये एक लंबे वक्त बाद अक्षय के लिए साफ बड़ी हिट भी बन सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement