अक्षय कुमार और प्रियदर्शन को 16 साल बाद साथ लेकर आई भूत बंगला, जनता को कॉमेडी का सालिड डोज दे रही है. शुक्रवार को रिलीज हुई भूत बंगला ने 4 ही दिन में कामयाबी हासिल कर ली है. पहले हफ्ते में ही 80 करोड़ से ज्यादा नेट इंडिया कलेक्शन करने के लिए तैयार नजर आ रही भूत बंगला, मेकर्स के लिए तगड़ी कमाई लेकर आई है. और अब मेकर्स इसका सीक्वल बनाने के बारे में सोचने लगे हैं.
इंडिया टुडे को मिली ताजा जानकारी कहती है कि एकता कपूर अब भूत बंगला का सीक्वल बनाने की संभावनाएं तलाश रही हैं. इस बात पर भी विचार किया जा रहा है कि इसे कैसे एक फिल्म फ्रेंचाइजी में बदला जा सकता है.
फैमिली ऑडियंस ने दिलाई भूत बंगला को सक्सेस
भूत बंगला शुक्रवार को मिले-जुले रिव्यूज के साथ रिलीज हुई थी, लेकिन जनता का वर्ड ऑफ माउथ फिल्म के लिए पॉजिटिव था. शनिवार-रविवार को फिल्म के टिकट काफी तेजी से बिके. लंबे समय बाद थिएटर्स में एक फैमिली फिल्म देखने को मिली है और जनता को भूत बंगला पसंद भी आ रही है. इसलिए मेकर्स सीक्वल पर काम करने के मूड में आ रहे हैं.
सूत्रों के मुताबिक, “फैमिली ऑडियंस से भूत बंगला को जो प्यार और रिस्पॉन्स मिला है, उसे देखते हुए मेकर्स फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने पर सोच रहे हैं. हॉरर कॉमेडी एक्साइटिंग स्पेस है, इसलिए सीक्वल का चांस काफी मजबूत है.” हालांकि अभी ये प्रोजेक्ट प्लानिंग के स्टेज में ही है, लेकिन हॉरर-कॉमेडी जॉनर में एकता कपूर की काफी दिलचस्पी है. इस जॉनर में वो और कहानियां लेकर आना चाहती हैं.
हॉरर कॉमेडी बॉलीवुड में आजकल काफी पॉपुलर जॉनर है और बॉक्स ऑफिस पर भी ये काफी भरोसेमंद है. बॉलीवुड में सीक्वल्स का बढ़ता क्रेज भी भूत बंगला 2 के लिए मेकर्स को मोटिवेट कर रहा है.
इस बीच भूत बंगला बॉक्स ऑफिस पर 4 दिनों में 73 करोड़ रुपये से ज्यादा नेट कलेक्शन कर चुकी है. तगड़े वीकेंड कलेक्शन के बाद फिल्म ने मंडे को भी बॉक्स ऑफिस पर होल्ड बरकरार रखा. रिपोर्ट्स के हिसाब से भूत बंगला का बजट 100 करोड़ से 120 करोड़ के बीच है. जबकि दूसरे वीकेंड में फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का लैंडमार्क पार करने के लिए रेडी है.
अक्षय और प्रियदर्शन के रीयूनियन के साथ, परेश रावल-असरानी-राजपाल यादव की दमदार कॉमिक तिकड़ी भी भूत बंगला में है. इन एक्टर्स की दमदार कॉमेडी ने फिल्म को बड़ी सक्सेस दिलाई है.