बॉलीवुड एक्टर उदय चोपड़ा को स्क्रीन पर नजर आए 10 साल से ज्यादा हो चुके हैं. लेकिन फैंस आज भी धूम फिल्मों के लिए उन्हें खूब याद करते हैं. कई लोगों को तो अभी भी आस है कि जब भी धूम 4 आएगी, उदय चोपड़ा का बतौर एक्टर कमबैक होगा. लेकिन सबसे बड़ा सरप्राइज यह है कि आलिया भट्ट और शरवरी की मच-अवेटेड फिल्म अल्फा से उदय का कमबैक हो चुका है. हालांकि, इस बार वह बड़े पर्दे पर नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे वापसी कर रहे हैं. उदय ने वाईआरएफ (YRF) स्पाई-यूनिवर्स की फिल्म अल्फा की कहानी लिखी है. बुधवार को फिल्म का टीज़र आया है, जिसमें उदय को बाकायदा स्टोरी राइटर का क्रेडिट दिया गया है.
बुधवार को आलिया भट्ट, शरवरी और बॉबी देओल स्टारर अल्फा का टीज़र रिलीज हुआ. इस टीज़र में 'बाबा' बॉबी देओल और उनकी बिटिया बनीं आलिया के खूंखार एक्शन अवतार को काफी चर्चा मिल रही है. लेकिन टीज़र खत्म करते ही बैक बटन दबा देने की बजाय अगर आप मात्र जरा सा रुकेंगे, तो आपको लास्ट फ्रेम में फिल्म के क्रू के क्रेडिट्स मिलेंगे. गौर से देखने पर आप पाएंगे कि अल्फा में ओरिजिनल स्टोरी का क्रेडिट उदय चोपड़ा को दिया गया है. हालांकि, फिल्म के स्क्रीनप्ले के लिए सौमिल शुक्ला और श्रीधर राघवन का नाम है, जबकि डायलॉग्स का क्रेडिट इशिता मोइत्रा को दिया गया है.
यह पहली बार नहीं है जब उदय ने कलम थामी हो. साल 2010 में आई प्रियंका चोपड़ा के साथ उनकी फिल्म प्यार इम्पॉसिबल में भी उदय को स्क्रीनप्ले राइटर का क्रेडिट दिया गया था. हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बड़े आइकॉन्स में से एक स्वर्गीय यश चोपड़ा के छोटे बेटे उदय ने अपने पापा की आइकॉनिक फिल्मों परंपरा, लम्हे और डर में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर अपने करियर की शुरुआत की थी.
यही नहीं, अपने बड़े भाई आदित्य चोपड़ा की ऐतिहासिक डेब्यू फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे में भी उदय असिस्टेंट डायरेक्टर थे. उन्होंने करण जौहर के साथ मिलकर फिल्म के कॉस्ट्यूम डिपार्टमेंट में भी मदद की थी. करण जौहर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि DDLJ में शाहरुख खान की जो आइकॉनिक ब्लैक लेदर जैकेट थी, वो असल में उदय चोपड़ा ने ही खरीदी थी. अपने बड़े भाई की तरह उदय फिल्मों के प्रोड्यूसर भी रह चुके हैं.
उदय ने साल 2000 में अपने भाई आदित्य चोपड़ा की ही फिल्म मोहब्बतें से एक्टिंग डेब्यू किया था. वह आखिरी बार साल 2013 में फिल्म धूम 3 में बड़े पर्दे पर नजर आए थे. अब पर्दे के पीछे, स्टोरी राइटर के रोल में उदय चोपड़ा ने क्या कमाल किया है, यह तो 3 जुलाई को अल्फा के सिनेमाघरों में रिलीज होने पर ही साफ होगा.