लेजेंडरी एक्टर नाना पाटेकर 76 साल के हैं. उम्र के इस पड़ाव में नाना का जिम में वर्कआउट करते हुए एक वीडियो सामने आया है, इसे देखकर नेटिजन्स के होश उड़ गए हैं. जिस इंटेंसिटी के साथ नाना वर्कआउट कर रहे हैं, वो यंगस्टर्स को कड़ी टक्कर देते दिख रहे हैं. फेमस फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर अतुल कसबेकर ने इंस्टा पर नाना का वर्कआउट वीडियो पोस्ट किया है.
जिम में नाना का वर्कआउट
वायरल वीडियो में नाना पाटेकर जिम में बार डिप्स करते नजर आए. ये फ्री वेट एक्सरसाइज है जो आमतौर पर चेस्ट और ट्राइसेप्स के लिए की जाती है. इस एक्सरसाइज को करने के लिए कंधे और ट्राइसेप्स में काफी ज्यादा ताकत की जरूरत होती है. लेकिन नाना पाटेकर इतनी ज्यादा उम्र में भी इसे आसानी से करते नजर आ रहे हैं. फैंस उनकी फिटनेस को देखकर हैरान हो रहे हैं. यूजर्स का कहना है नाना ने कमाल कर दिया. वो फिटनेस में बड़े-बड़े धुरंधरों को पीछे छोड़ते हुए दिख रहे हैं. फैंस नाना की फिटनेस के मुरीद हो गए हैं.
कैप्शन में अतुल कसबेकर ने लिखा- ओ हो नाना साहेब. आपने तो मेरी फिटनेस का लक्ष्य ही रीसेट कर दिया है. ये हैं नाना पाटेकर जी, इनकी उम्र 76 साल है. वो बार डिप्स पर ट्राइसेप्स डिप्स कर रहे हैं. उन्होंने 15 डिप्स की, मैंने रिकॉर्डिंग लेट शुरू की थी. कभी-कभी मैं थोड़ा स्लो हो जाता हूं. लेकिन नाना साहेब की बात करें तो क्या लेजेंड हैं ये. कमेंट बॉक्स में यूजर्स और सेलेब्स ने हार्ट इमोजी बनाकर नाना की फिटनेस को सराहा है. राहुल देव, सिमरत कौर, विनीत कुमार, शिल्पा शेट्टी ने फायर और हार्ट इमोजी बनाए हैं.
नाना इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों में शुमार हैं. वो ओटीटी और मूवीज में एक्टिव हैं. उनकी हालिया रिलीज सीरीज संकल्प थी. इसमें उनके काम को सराहा गया. इससे पहले वो अनिल कपूर स्टारर मूवी सुबेदार और शाहिद कपूर की फिल्म ओ रोमियो में नजर आए थे.