काजोल की छोटी बहन और एक्ट्रेस तनीषा मुखर्जी अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. तनीषा उन एक्ट्रेसेस में से हैं, जिन्होंने जबरदस्ती शादी करने के बजाए सिंगल रहना चुना.
तनीषा ने भले ही शादी नहीं की है, लेकिन वो अपने एग्स फ्रीज करा चुकी हैं. Unfolding Humans के पॉडकास्ट में उन्होंने अपने इस फैसले पर बात की.
एक्ट्रेस ने कहा कि मेरा मानना है कि शादी दो लोगों का मिलन है. आप इन्हें आत्मा कहते हैं. मैंने अपने एग्स इसलिए फ्रीज कराए, क्योंकि मैं प्रेशर नहीं लेना चाहती थी. मैं नहीं चाहती थी कि इस बात का प्रेशर हो कि मुझे जल्द से जल्द सही इंसान मिल जाए, ताकि मैं शादी और बच्चा कर पाऊं.
तनीषा ने कहा कि आज ये नहीं हो रहा है और मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है. मैं इसलिए बच्चा नहीं करूंगी, क्योंकि बच्चा करना जरूरी होता है. ये मेरे लिए बहुत क्लिनिकल था.
'ये मेरी सोच है कि किसी बच्चे को पालने के लिए एक मेल और फीमेल की एनर्जी चाहिए होती है. बच्चा ये आत्माएं खुद चुनता है. जब तक मुझे ऐसा इंसान नहीं मिलता है, जो ये कहे कि चलो हम साथ मिलकर बच्चे की परवरिश करेंगे, तब तक मैं अपने जरिए बच्चा दुनिया में नहीं लाना चाहूंगी.'
तनीषा ने कहा कि आज मैं ऐसा सोचती हूं, हो सकता है कि कल कुछ और सोचूं. हो सकता है कि इन चीजों को लेकर मेरा नजरिया बदल जाए.
एक्ट्रेस के रिलेशनशिप की बात करें, तो तनीषा का नाम एक्टर अरमान कोहली के साथ खूब जुड़ा था. दोनों की नजदीकियां 2013 में ‘बिग बॉस 7’ के दौरान बढ़ी थीं और उनकी केमिस्ट्री ने दर्शकों का खूब ध्यान खींचा था.
शो खत्म होने के बाद भी दोनों के रिश्ते की चर्चाएं चलती रहीं, लेकिन 2014 में उनके अलग होने की खबर सामने आई. तनीषा ने बाद में कहा था कि दोनों की सोच और विचार एक-दूसरे से मेल नहीं खाते थे.