मोरक्को-फ्रेंच मॉडल और एक्ट्रेस सौंदस मौफकीर ने अपना प्रीमियम स्किनकेयर ब्रांड 'मोरोमा' लॉन्च कर दिया है. लेकिन ब्रांड लॉन्च से ज्यादा चर्चा उस वक्त हुई, जब साउंडूस ने लॉन्च से पहले हिंदू रीति-रिवाज से पूजा की.
सोशल मीडिया पर जैसे ही वीडियो सामने आया, लोगों के मन में सवाल उठने लगे कि एक मुस्लिम होकर उन्होंने ऐसा क्यों किया? अब खुद सौंदस ने इसका जवाब दिया है.
सौंदस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पूजा की कई झलकियां शेयर कीं. वीडियो में वो पंडित के साथ बैठकर पूरे विधि-विधान से पूजा करती नजर आईं. ब्रांड लॉन्च से पहले हुए इस धार्मिक अनुष्ठान ने इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोरीं.
लोगों के सवालों का जवाब देते हुए सौंदस मौफकीर ने साफ कहा- मैं गर्व से कहती हूं कि मैं मुस्लिम हूं और मेरा धर्म हमेशा मेरी पहचान का सबसे अहम हिस्सा रहेगा. उन्होंने बताया कि पूजा करने का फैसला उनकी आस्था बदलने के लिए नहीं, बल्कि अपनी टीम की भावनाओं का सम्मान करने के लिए था.
सौंदस ने लिखा- मेरी टीम में हिंदू सदस्य हैं, जिनकी मैं दिल से इज्जत करती हूं. इस नए सफर की शुरुआत से पहले मैं चाहती थी कि उन्हें भी आध्यात्मिक संतोष मिले.
एक्ट्रेस ने बताया कि जिस तरह उनकी टीम उनके मुस्लिम रीति-रिवाज और दुआओं में साथ खड़ी रहती है, उसी तरह वो भी उनकी परंपराओं का सम्मान करना चाहती थीं.
सौंदस मौफकीर का मानना है कि टीम का मतलब सिर्फ साथ काम करना नहीं, बल्कि एक-दूसरे की आस्था और भावनाओं का सम्मान करना भी है. वो बोलीं- असली टीम वही होती है जो अपने-अपने धर्म और विश्वास से समझौता किए बिना एक-दूसरे के साथ खड़ी रहे.
सौंदस ने कहा कि 'Moromaa' सिर्फ एक स्किनकेयर ब्रांड नहीं, बल्कि उनकी पूरी टीम की मेहनत, जुनून और सपनों का नतीजा है. उन्होंने इस सफर में साथ देने वाले सभी लोगों का दिल से शुक्रिया भी अदा किया.
सौंदस मौफकीर को भारत में पहचान MTV Roadies (2022) से मिली. इसके बाद उन्होंने MTV Splitsvilla X4 जीतकर खूब सुर्खियां बटोरीं. वो खतरों के खिलाड़ी 13 में भी नजर आ चुकी हैं. रियलिटी शोज के अलावा सौंदस म्यूजिक वीडियो और फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं. वो हाल ही में द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो में भी नजर आई थीं.