तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने रविवार को बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों के प्रति प्रेम जताने से पहले केंद्र सरकार राज्य के बकाया करीब 2 लाख करोड़ रुपये जारी करे. कोलकाता के दक्षिण 24 परगना जिले के सागर द्वीप में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 'मोदी की गारंटी' का मतलब 'जीरो गारंटी' है, जबकि ममता बनर्जी अपने वादों को पूरा करती हैं.
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि गुजरात के लोग बंगाल के लोगों को जेल में डालने की धमकी दे रहे हैं. उन्होंने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा, 'केंद्रीय एजेंसियों और सुरक्षा बलों का चाहे कितना भी इस्तेमाल कर लें, लेकिन आपकी साजिश जनता के सामने उजागर हो चुकी है और 4 मई को नतीजे सामने आ जाएंगे.' बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी.
यह भी पढ़ें: चुनावी रैली के बीच PM मोदी का 'बंगाली अंदाज', लोगों संग चखा झालमुड़ी का स्वाद, देखें तस्वीरें
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को ‘जय बांग्ला’ नारे से एलर्जी है, जबकि यह बंगाल के गौरव और विकास का प्रतीक है. टीएमसी नेता ने भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ नेता इस नारे पर 'पागलों जैसा व्यवहार' कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सागर द्वीप के विकास के अपने वादे पूरे करने में विफल रही है. अभिषेक बनर्जी ने कहा कि टीएमसी सरकार ने मुरीगंगा नदी पर पुल निर्माण के लिए 1700 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जिससे नामखाना से सागर द्वीप की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. उन्होंने दावा किया कि अमित शाह द्वारा 2021 में घोषित 2 लाख करोड़ रुपये के पैकेज पर कोई काम नहीं हुआ.
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि गंगासागर मेला का आयोजन टीएमसी सरकार के तहत शांतिपूर्ण ढंग से होता है, जबकि भाजपा शासित उत्तर प्रदेश में कुंभ मेले के दौरान भगदड़ में सैकड़ों लोगों की मौत हो जाती है. उन्होंने कहा कि ‘युवा साथी’ योजना के तहत हाल के महीनों में 35,000 युवाओं को लाभ मिला है और आचार संहिता के कारण रुकी राशि चुनाव के बाद दी जाएगी. उन्होंने वादा किया कि टीएमसी के दोबारा सत्ता में आने पर सुंदरबन के घोरामारा द्वीप के 1,200 विस्थापित लोगों का पुनर्वास किया जाएगा.