प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केरलम के कोच्चि में अखिल केरल धीवर सभा के स्वर्ण जयंती सम्मेलन में भाग लिया और मछुआरा समुदाय को संबोधित करते हुए उनकी क्षमता और योगदान की सराहना की. पीएम मोदी ने कहा कि मछुआरा समुदाय की ताकत देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने में सक्षम है. उन्होंने पिछले शासनकाल में हुए अन्याय का जिक्र करते हुए कहा कि अब बीजेपी सरकार मछुआरों के सम्मान के साथ आगे बढ़ रही है.
पीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, मैं देख सकता हूं कि केरल के सभी लोग खुश हैं. मलयाली लोग लंबे समय से केरल का नाम बदलकर केरलम रखने की मांग कर रहे थे. केंद्र में एनडीए सरकार द्वारा इसे मंजूरी मिलने के बाद मैं आप सभी के चेहरों पर खुशी देख सकता हूं. इस खूबसूरत राज्य को मलयाली संस्कृति के अनुसार, उसका उचित नाम मिल गया है. मैं केरलम के लोगों को बधाई देता हूं.'
PM ने केरल में आई बढ़ के दौरान नाविकों द्वारा की गई मदद का जिक्र करते हुए कहा कि केरल में आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान, पूरे देश ने मछुआरा समुदाय के प्रयासों को देखा. आपने फंसे हुए लोगों को बचाया और जरूरतमंदों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाई. इसीलिए पूरा देश मछुआरा समुदाय के साहस, सेवा और समर्पण को सम्मानपूर्वक याद करता है.
ब्लू इकोनॉमी की निर्माण
प्रधानमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, पिछली सरकारों ने दशकों तक मछुआरा समुदाय की उपेक्षा की, लेकिन अब एनडीए सरकार उनकी प्रगति और क्षमताओं को असीमित स्तर तक बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. हमारी सरकार ने मछुआरा समुदाय की क्षमता और ब्लू अर्थव्यवस्था में उनकी भूमिका को पहचाना है. बीजेपी-एनडीए सरकार ने ही मत्स्य पालन के लिए एक अलग मंत्रालय का गठन किया है. उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं. प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत केरल के लिए लगभग 1400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इसी वजह से केरल में मत्स्य पालन क्षेत्र तेजी से प्रगति कर रहा है.
'हमारी सरकार ने सुनिश्चित की सुरक्षा'
उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'समुद्र में जाने वाले मछुआरों की सुरक्षा भी हमारे लिए महत्वपूर्ण है. पहले हमारे मछुआरे भाई-बहन खुले समुद्र में जाते थे, तो उनके घरवाले उनके वापस आने तक चिंता और डर में डूबे रहते थे, क्योंकि समुद्र में मौसम को लेकर हमेशा आशंकाएं बनी रहती थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं है. हमने सैटेलाइट के जरिए समुद्र में जाने वाले मछुआरे भाई-बहनों की सुरक्षा को और मजबूत किया है.'
पीएम ने कहा कि तकनीक भी मछुआरा समुदाय की एक ताकत है. इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय मत्स्य डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू किया गया है. इसके माध्यम से मछुआरे, व्यापारी और निर्यातक एक ही प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण कर सकते हैं. सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करना भी उनके लिए आसान हो गया है.
PM ने हर परिवार को सशक्त करने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि हमारा संकल्प है कि केरल के प्रत्येक परिवार को समृद्धि मिले. यही बात विकसित भारत की नींव बनेगी और हमें विकसित केरल की ओर ले जाएगी.