तमिलनाडु के तूतीकोरिन में एक चुनावी रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कई बड़े आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कहने पर इजरायल गए, एपस्टीन फाइल्स और अडानी के जरिए ट्रंप प्रधानमंत्री को कंट्रोल करते हैं और BJP तमिलनाडु में बिहार जैसा मॉडल लाना चाहती है. यह रैली का आयोजन 23 अप्रैल को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले की गई.
राहुल गांधी ने कहा कि ईरान में जंग शुरू होने से पहले अचानक प्रधानमंत्री मोदी को इजरायल जाने का आदेश मिला. वो विमान में बैठे, इजरायल गए और वापस आ गए. राहुल का कहना था कि यह सब ट्रंप के कहने पर हुआ. उन्होंने कहा कि ट्रंप जब भी कहें, मोदी तुरंत कूद पड़ते हैं.
एपस्टीन फाइल्स और अडानी का क्या जिक्र किया?
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अमेरिका के पास दो हथियार हैं जिनसे वो प्रधानमंत्री मोदी को कंट्रोल करते हैं. पहला है एपस्टीन फाइल्स जिनमें प्रधानमंत्री मोदी के संदर्भ का जिक्र है और दूसरा है अडानी से मोदी के वित्तीय संबंध.
राहुल ने कहा कि अमेरिका इन दोनों चीजों को जानता है और इन्हीं दो हथियारों से ट्रंप प्रधानमंत्री को पूरी तरह कंट्रोल करते हैं और भारत को अमेरिका के हाथ बेचवाते हैं.
गौरतलब है कि केंद्र सरकार पहले ही एपस्टीन फाइल्स में प्रधानमंत्री मोदी के संदर्भ को पूरी तरह खारिज कर चुकी है और कहा है कि यह एक दोषी अपराधी की बकवास है जिसे पूरी तरह नकारा जाना चाहिए.
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में स्टालिन ने बदला पैंतरा, NDA के खिलाफ DMK का ये है नया चुनावी दांव
ट्रंप और मोदी के रिश्ते पर क्या कहा?
राहुल गांधी ने कहा कि ट्रंप खुलेआम कहते हैं कि जब भी वो प्रधानमंत्री मोदी को फोन करते हैं तो मोदी तुरंत उठाते हैं और उन्हें 'सर' कहते हैं. राहुल ने लोगों से सवाल किया कि सोचिए भारत का प्रधानमंत्री अमेरिका के राष्ट्रपति को 'सर' कह रहा है, यह कितनी शर्मनाक बात है.
तमिलनाडु और CM स्टालिन का जिक्र क्यों किया?
राहुल गांधी ने कहा कि जैसे मोदी चाहते हैं कि ट्रंप उन्हें 'सर' कहें, उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं कि तमिलनाडु का CM भी उन्हें 'सर' कहे. लेकिन मुख्यमंत्री स्टालिन ऐसा कभी नहीं करेंगे. इसीलिए BJP चाहती है कि तमिलनाडु में AIADMK की सरकार आए जो प्रधानमंत्री मोदी के इशारे पर चले और फोन उठाकर कहे 'यस सर, बताइए क्या करना है?'
राहुल ने कहा कि BJP चाहती है कि तमिलनाडु में ऐसा CM हो जो पूरी तरह उनके कहने पर काम करे. लेकिन उन्होंने वादा किया कि हम तमिलनाडु में BJP को ऐसी सरकार कभी नहीं बनाने देंगे.
बिहार मॉडल क्या है और तमिलनाडु में इसका जिक्र क्यों?
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बिहार में नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाया गया और BJP के नेता सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बना दिया गया. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के पास कोई शक्ति नहीं बची, वो बिना कुछ कहे चुपचाप राज्यसभा चले गए. राहुल ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के पुराने कामों की वजह से BJP उन्हें पूरी तरह कंट्रोल कर सकती थी.
अब BJP यही बिहार वाला मॉडल तमिलनाडु में लाना चाहती है यानी AIADMK के जरिए एक ऐसी सरकार बनाना जो पूरी तरह दिल्ली के इशारे पर चले.
AIADMK पर क्या कहा?
राहुल गांधी ने कहा कि AIADMK के पुराने नेता महान थे और उन्होंने तमिल लोगों की रक्षा की. लेकिन वो पुरानी AIADMK अब मर चुकी है. आज की AIADMK एक खोखला खोल है. AIADMK के नेता भ्रष्टाचार की वजह से BJP के सामने झुक गए हैं. AIADMK के जमीनी कार्यकर्ता अच्छे हैं लेकिन पार्टी को कंट्रोल करने वाले लोग पूरी तरह गृह मंत्री अमित शाह और PM मोदी के हाथों की कठपुतली हैं.
RSS पर क्या आरोप लगाया?
राहुल गांधी ने RSS-BJP पर आरोप लगाया कि ये मानते हैं कि भारत में एक ही धर्म, एक ही संस्कृति, एक ही भाषा और एक ही तरह के लोग होने चाहिए. उन्होंने कहा कि RSS मूल रूप से तमिल विरोधी और द्रविड़ विरोधी संगठन है.
यह भी पढ़ें: बंगाल-तमिलनाडु चुनाव से पहले सख्ती, मतदान से 48 घंटे पहले शराब बिक्री पर पूरी तरह रोक
तमिलनाडु की तारीफ क्यों की?
राहुल गांधी ने तमिलनाडु की तारीफ करते हुए कहा कि इस राज्य ने पूरे भारत को सामाजिक न्याय पर आधारित विकास का रास्ता दिखाया है. यहां सभी समुदायों और परंपराओं का सम्मान होता है.