पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. नामांकन के बीच अब असदुद्दीन ओवैसी अगुवाई वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. ओवैसी पार्टी की पहली लिस्ट में 12 उम्मीदवारों के नाम हैं.
एआईएमआईएम ने मोथाबाड़ी से एडवोकेट मोहम्मद मुस्तहिद हक, सुजापुर से रेजाउल करीम और कांडी से मिस्बाहुल इस्लाम खान को टिकट दिया है. एआईएमआईएम ने रघुनाथगंज से इमरान सोलंकी, आसनसोल से दानिश अजीज, मुरारई से तासीर शेख और नलहाटी से हाजी अंसार शेख साहब चुनाव लड़ेंगे.
बारासात से मोनैम सरदार और करणदिघी से महबूब आलम एआईएमआईएम उम्मीदवार होंगे. ओवैसी की पार्टी ने सूती में असदुल एसके, बशीरहाट में शबाना परवीन, हावड़ा में असिक राज मंडल पर दांव लगाया है. गौरतलब है कि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी पश्चिम बंगाल के चुनाव में हुमायूं कबीर की अगुवाई वाली आम जनता उन्नयन पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव मैदान में उतरी है.
यह भी पढ़ें: 'बाहर से गुंडा लाते हैं, गुंडई करते हैं... जजों को भी नहीं छोड़ते', मालदा हिंसा को लेकर BJP पर भड़कीं ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल में विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं. असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और हुमायूं कबीर की एजेयूपी ने 182 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था. हुमायूं कबीर की पार्टी पहले ही कई विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है. बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होना है.
यह भी पढ़ें: ‘जय बांग्ला’ और ‘जय श्रीराम’, बंगाल में नारों से बढ़ा विवाद, आमने-सामने आए BJP और टीएमसी कार्यकर्ता
पश्चिम बंगाल में पहले चरण की सीटों पर 23 और दूसरे चरण की सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा. पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजे 4 मई को आएंगे. सूबे में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस सत्ता पर कब्जा बरकरार रखने के लिए जोर लगा रही है. वहीं, बीजेपी की कोशिश कमल खिलाने की है. टीएमसी और बीजेपी की फाइट में एआईएमआईएम और एजेयूपी गठबंधन की कवायद बहुकोणीय बनाने की है.