23 साल अपर्णा ने एक मल्टीनेशनल कंपनी में अच्छी खासी सैलरी वाली नौकरी छोड़ी और फिर इंडियन आर्मी में जाने की तैयारी करने लगी. जिसके बाद वह ऑफिसर बन गई हैं. वह मूलरूप से यूपी गाजीपुर जिले की रहने वाली है लेकिन अब उनका परिवार वाराणसी में रहता है.
कौन हैं अपर्णा राय
अपर्णा राय शुरू से ही सेना का हिस्सा बनकर देश की सेवा करना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने नौकरी छोड़ दी. उन्होंने ग्रेजुएशन के बाद एनआईटी श्रीनगर से 2016 में इंजीनियरिंग की. जिसके बाद उनकी नौकरी यूएस की एक कंपनी में लग गई. उन्हें चेन्नै में पोस्टिंग मिली.
कुछ समय बाद अपर्णा ने महसूस किया कि वह अपने काम से खुश नहीं है. वह शुरू से ही भारतीय सेना का हिस्सा बनना चाहती थी. जिसके बाद उन्होंने अच्छी खासी नौकरी छोड़ने का रिस्क लिया. बता दें, अपर्णा के पिता वाराणसी के बिजनेसमैन हैं. उन्होंने कहा 'मैं अपनी बेटी को सेना का हिस्सा बनते देखना चाहता था. पासिंग आउट परेड में अपर्णा को सेना की वर्दी में देखना हम सभी के लिए गौरव का पल था' अब जाकर लगता है मेरा सपना पूरा हो गया.
अपर्णा ने 2017 में एसएसबी (सर्विस सेलेक्शन बोर्ड) एग्जाम दिया था और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की थी. कड़ी ट्रेनिंग के बाद इसी महीने चेन्नई के ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकैडमी में 10 मार्च को वह पासिंग आउट परेड में शामिल हुईं थी. उनकी मां हाउस वाइफ है. अपर्णा ने बताया उनकी मां ने ही उनके अंदर भारतीय सेना में जाकर देश की सेवा करने का जज्बा पैदा किया था.