सुप्रीम कोर्ट में काम करने की चाह रखने वाले उम्मीदवारों के लिए भर्ती का मौका आया है. कोर्ट ने कोर्ट मास्टर (शॉर्टहैंड) के 20 पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. इस पद के लिए पे स्केल 67,700 रुपये से लेकर 2,08,700 रुपये तक तय किया गया है. हालांकि, इस भर्ती में आवेदन के लिए सिर्फ ग्रेजुएट होना काफी नहीं है. उम्मीदवारों को अंग्रेजी शॉर्टहैंड और टाइपिंग में दक्षता के साथ संबंधित पद पर काम करने का अनुभव भी चाहिए. ऐसे में आवेदन से पहले जान लें कि कौन इस भर्ती के लिए योग्य है और चयन किस आधार पर होगा.
कब तक कर सकते हैं आवेदन?
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 15 नवंबर 2026 रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने के लिए कोर्ट की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?
कोर्ट मास्टर पद के लिए उम्मीदवार के पास भारत के किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए. इसके साथ ही अंग्रेजी शॉर्टहैंड में 120 शब्द प्रति मिनट की गति और कंप्यूटर पर 40 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड जरूरी है. उम्मीदवार के पास सरकारी विभाग, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम या वैधानिक निकाय में प्राइवेट सेक्रेटरी, सीनियर पर्सनल असिस्टेंट, पर्सनल असिस्टेंट या सीनियर स्टेनोग्राफर के कैडर में कम से कम पांच साल की नियमित सेवा का अनुभव भी होना चाहिए.
उम्र कितनी होनी चाहिए?
उम्मीदवार की उम्र 1 अक्टूबर 2026 को कम से कम 30 साल और अधिकतम 45 साल होनी चाहिए. एससी, एसटी, ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) और पूर्व सैनिकों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी. स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को निर्धारित नियमों के तहत अधिकतम पांच साल की और छूट दी जाएगी. सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री के विभागीय उम्मीदवारों के लिए ऊपरी आयु सीमा नहीं रखी गई है.
https://cdnbbsr.s3waas.gov.in/s3ec0490f1f4972d133619a60c30f3559e/uploads/2026/10/2026102497.pdf
कैसे होगा चयन?
चयन प्रक्रिया में चार चरणों में पूरी होगी. सबसे पहले 100 अंकों की परीक्षा होगी, जिसमें सामान्य अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान, भारतीय संविधान में न्यायपालिका से जुड़े प्रावधान, सुप्रीम कोर्ट के नियम और कंप्यूटर संचालन से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे. इसके बाद अंग्रेजी शॉर्टहैंड टेस्ट, कंप्यूटर पर टाइपिंग टेस्ट और इंटरव्यू होगा. लिखित परीक्षा में कम से कम 50 अंक हासिल करना जरूरी है. रिटन परीक्षा की खास बात यह भी है कि इसमें कोई निगेटिव मार्किंग नहीं होगी.
आवेदन शुल्क कितना है?
सामान्य और अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 1,500 रुपये आवेदन शुल्क भुगतान करना होगा. एससी, एसटी, ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों के लिए शुल्क 750 रुपये है. इसके अतिरिक्त बैंक शुल्क भी लागू हो सकता है. फीस का भुगतान ऑनलाइन करना होगा.
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित उम्मीदवारों को कई लेवल की परीक्षा से गुजरना होगा. इनमें चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, वस्तुनिष्ठ प्रकार की परीक्षा, शॉर्टहैंड (अंग्रेजी) परीक्षा, कंप्यूटर पर अंग्रेजी टाइपिंग स्पीड टेस्ट और व्यक्तिगत इंटरव्यू शामिल हैं. इसके बाद से चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 67,700 से 2,08,700 रुपये की सैलरी दी जाएगी. इसके साथ ही कई अन्य भत्तों को शामिल किया गया है.