scorecardresearch
 

एयरलाइन में नौकरी, 2.5 लाख महीने की सैलरी, फिर क्यों भारत के मैसूर में बस गया शख्स?

विदेश में रहकर अच्छी पेकेज वाली सैलरी कई युवाओं का सपना होता है लेकिन कुछ ऐसे भी लोग हैं, जो अच्छी कमाई के बाद भी अपनी जिंदगी को नए तरीके से जीने का फैसला करते हैं. आदित्य सिंह की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. उन्होंने वीडियो शेयर करके बताया कि वह  कतर की एक एयरलाइन में काम करते थे और हर महीने करीब 2.5 लाख रुपये कमाते थे लेकिन अब उन्होंने इसे छोड़ने का फैसला कर लिया है. 

Advertisement
X
एयरलाइन की छोड़ी नौकरी, अब यहां पर बसा शख्स.
एयरलाइन की छोड़ी नौकरी, अब यहां पर बसा शख्स.

कतर में एयरलाइन की नौकरी, हर महीने 2.5 लाख रुपये की कमाई और एक तयशुदा करियर… आदित्य सिंह के पास वह सब था जिसके लिए कई युवा विदेश जाने का सपना देखते हैं. लेकिन उन्होंने इस जिंदगी से अलग रास्ता चुना. आदित्य ने अपनी नौकरी छोड़ दी और भारत लौटकर मैसूर में बसने का फैसला किया. सोशल मीडिया पर अपनी कहानी शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि आखिर क्यों उन्होंने अच्छी कमाई वाली नौकरी छोड़कर नई शुरुआत की.

कतर की नौकरी छोड़कर भारत लौटे

आदित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में अपने फैसले के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि तीन साल पहले कतर में एयरलाइन की नौकरी के दौरान उनकी सैलरी 2.5 लाख रुपये प्रति माह थी. इसके बावजूद उन्होंने नौकरी छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया. आदित्य के मुताबिक, उनका यह फैसला परिवार को पसंद नहीं आया था. अच्छी सैलरी वाली नौकरी छोड़ना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने अपनी जिंदगी को अलग तरीके से आगे बढ़ाने का फैसला किया.

अब मैसूर में रहते हैं आदित्य

भारत लौटने के बाद आदित्य ने कर्नाटक के मैसूर शहर में बसने का फैसला किया. अब वह शादीशुदा हैं और फिटनेस के क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मेशन कोच के तौर पर काम कर रहे हैं. इस काम में वह लोगों को फिटनेस और शरीर में बदलाव लाने से जुड़ी ट्रेनिंग देते हैं. आदित्य ने बताया कि उन्हें मैसूर में रहने का अनुभव अच्छा लग रहा है. उनके मुताबिक, शहर में जीवन की गुणवत्ता बेहतर महसूस होती है और उन्हें अपनी जिंदगी अपने हिसाब से जीने की आजादी मिलती है.

Advertisement

बोले- जिंदगी आसान नहीं, लेकिन आजादी है

आदित्य ने यह भी साफ किया कि नौकरी छोड़ने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह आसान नहीं हो गई है. उन्होंने माना कि काम को लेकर अब भी कई चुनौतियां आती हैं. हालांकि, उन्हें इस बात की खुशी है कि अब वह अपनी पसंद के शहर में रहते हैं और अपनी मर्जी से समय तय कर सकते हैं. उनके मुताबिक, जब कोई व्यक्ति अपनी इच्छा से ऐसा फैसला लेता है, तो जिंदगी में मिलने वाली आजादी अलग महसूस होती है. इसी वजह से वह अपने फैसले के लिए आभारी हैं.

सोशल मीडिया पर लोगों ने दी प्रतिक्रिया

आदित्य की कहानी सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद से लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. इतना ही नहीं लोग उनका समर्थन भी कर रहे हैं. कुछ यूजर्स ने कहा कि जिंदगी में सिर्फ कमाई ही मायने नहीं रखती, बल्कि सुकून और अपनी शर्तों पर जीना भी जरूरी है. हालांकि, हर व्यक्ति के लिए अच्छी सैलरी वाली नौकरी छोड़ना आसान नहीं होता. आदित्य की कहानी बताती है कि करियर से जुड़ा ऐसा फैसला लेने से पहले आर्थिक स्थिति, भविष्य की कमाई और काम के दूसरे विकल्पों पर विचार करना जरूरी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement