scorecardresearch
 

Xbox में फिर छंटनी की तैयारी, नवंबर और जनवरी में जा सकती हैं नौकरियां

फॉर्च्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सबॉक्स की CEO आशा शर्मा नवंबर और जनवरी में नौकरी की कौटती की प्लानिंग कर रही हैं. यह कदम खर्च घटाने, प्रबंधन और स्टूडियो का ढांचा बदलने को लेकर किया जा रहा है. माना जा रहा है कि कंपनी आने वाले समय में तीन राउंड में छंटनी कर सकती है.

Advertisement
X
Xbox में फिर छंटनी की आशंका.
Xbox में फिर छंटनी की आशंका.

माइक्रोसॉफ्ट के एक्सबॉक्स में एक बार फिर से छंटनी का खतरा मंडरा रहा है. हालिया रिपोर्टों के मुताबिक, कंपनी नौकरियों में एक और दौर की कटौती की तैयारी कर रही है. इसका मकसद मुश्किलों से जूझ रहे गेमिंग कारोबार को सुधारना और अतिरिक्त खर्च को कम करना है. 

नवंबर और जनवरी में हो सकती है छंटनी

फॉर्च्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सबॉक्स की सीईओ आशा शर्मा नवंबर और जनवरी में नौकरियों में नई कटौती की योजना बना रही हैं. अभी यह साफ नहीं है कि कितने कर्मचारियों की नौकरी जाएगी. इस खबर से उन कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई है, जो पहले ही अपने हजारों साथियों को कंपनी से जाते देख चुके हैं.

आशा शर्मा फरवरी 2026 में एक्सबॉक्स की सीईओ बनी थीं. इसके बाद से वह खर्च बचाने के लिए बड़े बदलाव कर रही हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कर्मचारियों को भेजे एक मैसेज में कहा था कि एक्सबॉक्स का मौजूदा कारोबार ठीक हालत में नहीं है. उन्होंने यह भी कहा था कि पुरानी योजनाओं और निवेश से कंपनी को उम्मीद के मुताबिक कामयाबी नहीं मिली.

बाहरी खर्च और प्रबंधन में भी कटौती

Advertisement

माइक्रोसॉफ्ट कारोबार को सुधारने के लिए केवल नौकरियां ही नहीं घटा रही है. कंपनी बाहरी विक्रेताओं पर होने वाला खर्च भी कम कर रही है. कारोबार को आसान और तेज बनाने के लिए प्रबंधन की अतिरिक्त परतें हटाई जा रही हैं. इस बदलाव के तहत एक्सबॉक्स अपने गेम स्टूडियो को संभालने का तरीका भी बदल रही है. फॉर्च्यून के मुताबिक, डबल फाइन प्रोडक्शंस और कम्पल्शन गेम्स जैसे स्टूडियो को फिर से स्वतंत्र बना दिया गया है. वहीं, चर्चा है कि लोकप्रिय गेम हेलब्लेड बनाने वाले स्टूडियो निंजा थ्योरी को पूरी तरह बंद किया जा सकता है.

तीन सालों में 5,750 नौकरियां घटीं

माइक्रोसॉफ्ट के गेमिंग विभाग में छंटनी का एक और दौर आने की आशंका है. जुलाई 2026 में कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 के लास्ट तक 3,200 नौकरियां कम करने की योजना का ऐलान किया था. इनमें से करीब 1,600 कर्मचारियों को उसी समय नौकरी से निकाल दिया गया था. इसके बाद सितंबर में 260 और कर्मचारियों की नौकरी चली गई.

पिछले तीन साल में माइक्रोसॉफ्ट अपने गेमिंग विभाग से कुल 5,750 नौकरियां घटा चुकी है. लगातार छंटनी और गेमिंग स्टूडियो बंद होने की खबरों के बाद ऐसी अटकलें भी लगने लगी थीं कि कंपनी अपना Xbox कारोबार बेच सकती है. हालांकि, कंपनी के शीर्ष अधिकारियों ने इन अटकलों को खारिज किया है.

Advertisement

कंपनी ने बिक्री की अटकलों को खारिज किया

माइक्रोसॉफ्ट के अधिकारी जडसन अल्थॉफ ने फॉर्च्यून से कहा कि शर्मा को जिम्मेदारी देना साबित करता है कि कंपनी इस कारोबार को अपने पास रखना चाहती है. अल्थॉफ ने कहा कि आशा पूरी कंपनी में हमारे सबसे अच्छे लीडर में से एक हैं. हम उन्हें ऐसे कारोबार की जिम्मेदारी नहीं देते, जिसे हम बेचने का इरादा रखते हैं. इसे लेकर बहुत अटकलें लगेंगी. समय बताएगा. 

शर्मा ने भी इन अटकलों को खारिज किया है. उन्होंने हाल में द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि एक्सबॉक्स बिक्री के लिए नहीं है. 

नए गेमिंग उपकरण पर भी काम जारी

कंपनी में छंटनी और गेमिंग स्टूडियो के पुनर्गठन के बीच Xbox नए गेमिंग डिवाइस पर भी काम कर रही है.फॉर्च्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी 2027 में हाथ में पकड़कर खेले जाने वाले नए गेमिंग डिवाइस को पेश करने की योजना बना रही है. इसके बाद 2028 में अगली पीढ़ी का होम गेमिंग कंसोल लाया जा सकता है. इस प्रोजेक्ट को फिलहाल ‘प्रोजेक्ट हेलिक्स’ नाम दिया गया है.

फिलहाल Xbox के कर्मचारी छंटनी को लेकर कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं. माइक्रोसॉफ्ट एक तरफ खर्च कम करने और अपने प्रबंधन व गेमिंग स्टूडियो के ढांचे में बदलाव करने में जुटी है, तो दूसरी तरफ नए डिवाइस विकसित करने की तैयारी भी जारी है. इन कदमों से साफ है कि कंपनी अपने गेमिंग कारोबार में बड़े बदलाव कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement