
कल्पना कीजिए, आप किसी नौकरी के लिए फाइनल राउंड तक पहुंच चुके हैं. सब कुछ ठीक चल रहा है, लेकिन अचानक आपसे आपकी निजी जिंदगी को लेकर एक ऐसा सवाल पूछा जाता है जो आपको असहज कर दे. ऐसा ही कुछ हुआ एक महिला कैंडिडेट के साथ, जिसने अपना कड़वा अनुभव सोशल मीडिया पर साझा किया है.
एक नामी कंपनी में सीनियर कोऑर्डिनेटर के पद के लिए इंटरव्यू दे रही इस कैंडिडेट ने बताया कि बातचीत बहुत अच्छी चल रही थी. लेकिन तभी हायरिंग मैनेजर ने पूछा कि क्या अगले एक-दो साल में आपकी लाइफ में कोई बड़े बदलाव आने वाले हैं? जैसे शादी या फैमिली प्लानिंग?
कैंडिडेट कहती हैं, 'मैं एक पल के लिए सन्न रह गई. आज के दौर में एक प्रोफेशनल सेटिंग में ऐसा सवाल पूछना मुझे बहुत ही गलत और पुराना ख्याल लगा.'
सवाल के पीछे छिपा असली डर
जब कैंडिडेट ने संभलकर जवाब दिया कि वह फिलहाल अपने करियर पर फोकस कर रही हैं तो इंटरव्यू लेने वाला शख्स वहीं नहीं रुका. उसने आगे कहा कि हमें कोई ऐसा चाहिए जो काम में कंसिस्टेंट रहे और जल्द ही किसी लंबी छुट्टी पर न जाए.

कैंडिडेट को समझते देर नहीं लगी कि यह घुमा-फिराकर यह पूछने का तरीका था कि कहीं वह प्रेग्नेंट होने का प्लान तो नहीं बना रही हैं. जो मौका पहले उम्मीदों से भरा लग रहा था, वह अब एक 'रेड फ्लैग' (खतरे की घंटी) जैसा महसूस होने लगा.
मजबूरी और स्वाभिमान के बीच फंसी जंग
यह स्थिति उस कैंडिडेट के लिए और भी मुश्किल थी क्योंकि वह पिछले चार महीने से नौकरी की तलाश में थी. उसे टीम और काम पसंद आया था, लेकिन इस एक बातचीत ने मन खट्टा कर दिया. अब वह इस उलझन में है कि क्या उसे इसकी शिकायत HR विभाग से करनी चाहिए? क्या बोलने पर हाथ में आया ऑफर छिन जाएगा? क्या एक ऐसे बॉस के नीचे काम करना सही है जो आपकी निजी जिंदगी को कंपनी के लिए 'बोझ' मानता है?

2026 में भी वही पुरानी सोच?
कैंडिडेट ने अपनी पोस्ट में सवाल उठाया कि क्या आज भी कार्यस्थलों पर ऐसा होता है या वह किसी गलत जगह पहुंच गई है? उसने भावुक होते हुए लिखा कि यह 2026 है और मुझे यकीन नहीं हो रहा कि आज भी फाइनल इंटरव्यू में इस तरह की बातें हो रही हैं.