देश में पहले से ही मेडिकल परीक्षा में हुए पेपर लीक मामले में NTA पर लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ था और अब बार फिर एजेंसी विवादों में घिर गई है. 30 मई 2026 को एनटीए की एक और परीक्षा सीयूईटी यूजी 2026 के परीक्षा केंद्रों पर भारी अव्यवस्था देखने को मिली. देश के कई परीक्षा केंद्रों पर सुबह की शिफ्ट की परीक्षा तय समय पर नहीं हो सकी. इस बड़ी चूक का असर दोपहर वाली परीक्षा शिफ्ट पर भी पड़ा.जानकारी देते हुए एजेंसी ने बताया कि 3 बजे होने वाली परीक्षा अब शाम के 4 बजे होगी. एजेंसी ने इस असुविधा के लिए छात्रों और अभिभावकों से खेद जताया है और भरोसा दिलाया है कि किसी भी उम्मीदवार का समय बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा.
तकनीकी समस्या से हुई परेशानी
CUET UG 2026 की परीक्षा देशभर के कई केंद्रों पर आयोजित की गई थी. लेकिन इस दौरान ही कुछ जगहों पर तकनीकी खराबी की वजह से परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी.
छात्रों और अभिभावकों के बीच नाराजगी
वहीं, परीक्षा केंद्रों पर छात्रों और अभिभावकों को लंबा इंतजार करना पड़ा. वहीं, परीक्षा ह़ॉल में भी बेसिक सुविधाओं की कमी नजर आई.
3 की जगह 4 बजे होगी परीक्षा
बता दें कि सुबह की शिफ्ट में हुई देरी का असर दोपहर की शिफ्ट पर भी पड़ा. ऐसे में किसी भी तरह की भ्रमक खबर न फैले इसके लिए एजेंसी ने तुरंत एडवाइजरी जारी कर दोपहर की शिफ्ट के समय को री-शेड्यूल कर दिया है.
रिपोर्टिंग और एंट्री का समय- दोपहर 2:30 बजे से
परीक्षा शुरू होने का समय- पहले दोपहर 3:00 था जिसे बदलकर शाम 4 बजे कर दिया गया है.
जारी की हेल्पलाइन और ईमेल
एनटीए ने इस घटना के तुरंत बाद उम्मीदवारों और छात्रों को हुई परेशानी के लिए खेद प्रकट किया. किसी तरह की शंका या मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी भी जारी की है. इसके अलावा सलाह दी है कि उम्मीदवार और पेरेंट्स अपडेट के लिए ऑफिशियल वेबसाइट पर नजर बनाए रखें.
हेल्पलाइन नंबर: +91-11-40759000
ऑफिशियल ईमेल: cuet-ug@nta.ac.in
ऑफिशियल वेबसाइट: https://cuet.nta.ac.in
राहुल गांधी का पोस्ट
परीक्षा में आई तकनीकी गड़बड़ी के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने लिखा कि NEET। CBSE। SSC और आज CUET.
चार परीक्षाएं, एक करोड़ बच्चे. एक भी ईमानदारी से नहीं हो पाई.
दावे विश्वगुरु के, मगर देश में एक परीक्षा नहीं करवा सकते - मोदी जी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है.
जिस पीढ़ी का भविष्य आप बर्बाद कर रहे हैं - वही पीढ़ी आपका हिसाब करेगी.