किसी से बहस हो जाए, ऑफिस में बॉस बात न सुने या किसी सर्विस के पैसे वापस लेने हों, तो अक्सर लोग खुद ही सामने वाले से बात करते हैं. लेकिन चीन में एक शख्स ने इसी परेशानी को कमाई का जरिया बना लिया है. वह दूसरों की ओर से बहस करने और विवादों में उनकी बात रखने के लिए पैसे लेता है. खास बात यह है कि वह एक तय फीस लेकर बिना समय सीमा के यह सेवा देता है.
दूसरों की ओर से बहस करना है काम
जारी किए गए वीडियो में एक शख्स दिखाई दे रहा है. यह वीडियो दक्षिणी चीन के ग्वांगझोउ में रहने वाला यह शख्स सोशल मीडिया पर चर्चा में है. वह सड़क पर एक बोर्ड लेकर घूमता दिखाई दे रहा है जिस पर चीनी भाषा में दूसरों की ओर से बहस करने की सर्विस के बारे में जिक्र किया हुआ था. इसके बाद से लोग कमाई के नए तरीकों को लेकर सवाल उठा रहे हैं.
कौन-कौन से सर्विस हैं शामिल?
यह शख्स कई तरह के मामलों में लोगों की मदद करता है. अगर किसी कर्मचारी को बॉस से सैलरी नहीं मिल रही है, तो वह उस कर्मचारी की ओर से बात कर सकता है. इसी तरह, अगर किसी को ट्यूशन क्लास की सर्विस पसंद न आए या शिक्षक बदलने के बाद पढ़ाई की गुणवत्ता खराब हो जाए, तो वह फीस वापस लेने और क्लास रद्द कराने के लिए भी ग्राहक की ओर से बहस करता है. उसकी सेवा का दायरा यहीं तक सीमित नहीं है. रिपोर्ट के अनुसार, वह प्लास्टिक सर्जरी के खराब नतीजों से असंतुष्ट ग्राहकों को रिफंड मांगने में भी मदद करता है.
एक बार की फीस, समय की कोई सीमा नहीं
इस सेवा के लिए वह 188 चीनी युआन लेता है, जो रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय मुद्रा में करीब 2,474 रुपये है. इस फीस में बहस करने के लिए कोई तय समय सीमा नहीं रखी गई है. हालांकि, उसका कहना है कि बहस का मतलब लड़ाई करना या गाली-गलौज करना नहीं है. वह शारीरिक झगड़े से बचने पर जोर देता है. उसका तर्क है कि अगर विवाद मारपीट तक पहुंच गया और पुलिस को बुलाना पड़ा, तो परेशानी बढ़ सकती है.
सोशल मीडिया पर लोगों की दिलचस्पी
उसका वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस सेवा पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि उन्हें भी ऐसी सेवा की जरूरत है, खासकर शोर करने वाले पड़ोसियों से निपटने के लिए. कुछ यूजर्स ने इस काम को दिलचस्प बताया और इसे अपने लिए काफी उपयोगी बताया है. यह मामला दिखाता है कि लोग रोजमर्रा के विवादों को संभालने के लिए भी अलग तरह की सेवाएं तलाश रहे हैं.