scorecardresearch
 

फिर आया बगदादी का ऑडियो मैसेज, लड़ाकों से कहा- नदियों में पानी की जगह काफिरों का खून बहाओ

इराक के मोसुल में आईएसआईएस के खिलाफ जंग अब निर्णायक स्थिति में है. इस बीच आईएस के सरगना अबु बकर अल-बगदादी का एक ऑडियो मैसेज सामने आया है. इस मैसेज में बगदादी ने आईएस आतंकियों को जीत का भरोसा दिलाते हुए पीछे नहीं हटने का संदेश दिया.

Advertisement
X
आईएस सरगना अबु बकर अल-बगदादी ने जारी किया ऑडियो मैसेज
आईएस सरगना अबु बकर अल-बगदादी ने जारी किया ऑडियो मैसेज

इराक के मोसुल में आईएसआईएस के खिलाफ जंग अब निर्णायक स्थिति में है. इस बीच आईएस के सरगना अबु बकर अल-बगदादी का एक ऑडियो मैसेज सामने आया है. इस मैसेज में बगदादी ने आईएस आतंकियों को जीत का भरोसा दिलाते हुए पीछे नहीं हटने का संदेश दिया. साथ ही बगदादी ने अपने लड़ाकों को इराकी सेना का पूरी ताकत से मुकाबला करने को कहा.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका की अगुवाई वाली इराकी फौजों ने बगदादी के गढ़ कहे जाने वाले मोसुल शहर को पूरी तरह से घेर लिया है. आईएस के खिलाफ जंग तेज होती देख पिछले एक साल से भी ज्यादा वक्त के बाद का यह ऑडियो मैसेज सामने आया है.

आईएस से जुड़े अल-फुरकान संगठन ने गुरुवार को यह ऑडियो मैसेज जारी किया. मैसेज में बगदादी अपने लड़ाकों से कह रहा है कि, 'पीछे मत हटो. आत्मसम्मान के साथ अपनी जमीन पर टिके रहना, बेइज्‍जत होकर पीछे हटने से हजार गुना ज्‍यादा आसान है. निनवा (शहर, जो वर्तमान में मोसुल और आसपास का इलाका कहलाता है) के सभी लोग, खासकर लड़ाके जब अपने दुश्‍मन का सामना करें तो कमजोर नहीं पड़ें.'

Advertisement

इराकी फौज का सामना करने का संदेश देते हुए बगदादी अपने लड़ाकों से कहता है कि, 'आईएस की जीत निश्चित है. इस्‍लामिक स्‍टेट आज जो युद्ध लड़ रहा है और जिहाद को आगे बढ़ा रहा है, उसने हमारे भरोसे को मजबूत किया है और यह सभी चीजें हमारी जीत की शुरुआत हैं.' बगदादी ने आईएस लड़ाकों से कहा कि वह लोग अल्‍लाह के दुश्‍मनों से डटकर मुकाबला करें.

बगदादी ने अपने ऑडियो मैसेज में से कहा कि वे काफिरों पर इतने हमले करें कि उनकी जमीन पर अफरा-तफरी मच जाए. साथ ही नदियों में पानी की जगह काफिरों का खून बहने लगे. बता दें कि मोसुल में आईएस के खिलाफ जंग तेज हो चली है. अमेरिका की अगुवाई में इराकी सेना ने मोसुल को चारों तरफ से घेर लिया है.

कुर्दिश सेना के प्रमुख फाउद हुसैन ने कहा कि, 'सरकार को कई सूत्रों से जानकारी मिली है कि बगदादी मोसुल शहर में ही छिपा हुआ है. सेना की इस कार्रवाई में अगर बगदादी मारा जाता है तो इसका मतलब दुनिया से आईएस का खात्मा होगा.' गौरतलब है कि पिछले दो सालों में पहली बार इराकी सेना आईएस के खिलाफ जारी जंग में आईएस के कब्जे वाले मोसुल शहर में दाखिल हो पाई है.

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement