राजधानी दिल्ली में एक व्यक्ति की ईंट पत्थरों से कूचकर निर्मम तरीके से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. साथ ही मामले में पुलिस की तरफ से लापरवाही बरतने की बात भी सामने आई है. मृतक के परिवार वालों का आरोप है कि पुलिस ने न सिर्फ मृतक के खिलाफ गलत शब्दों का प्रयोग किया, बल्कि हत्या को एक्सिडेंट बताती रही.
पुलिस के असंवेदनशील और लापरवाही भरे रवैये से नाराज मृतक के परिवार वालों ने नजफगढ़-नांगलोई रोड को जाम कर दिया, जमकर हो हंगामा किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की. कई घंटों की मशक्कत के बाद मौके पर पुलिस के आला अधिकारियों ने पीड़ित परिवार वालों को मनाया और जाम खुलवाया.
पुलिस के मुताबिक, रविवार देर रात सूचना मिली कि रन्होला के जय विहार इलाके में एक व्यक्ति का शव पड़ा है. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस शव की शिनाख्त नहीं कर पाई, क्योंकि पत्थर से बुरी तरह कुचलकर हत्या करने के कारण शव की पहचान नहीं हो पा रही थी. अंततः पुलिस किसी तरह मृतक की पहचान करने में सफल रही.
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बापड़ोला गांव के रहने वाले 45 वर्षीय अर्जुन के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस के आला अधिकारियों ने पीड़ित परिवार के साथ अभद्रता करने के आरोप में रन्होला थाने के IO सतवीर को हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है.
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने अर्जुन की मौत की जानकारी उन्हें सोमवार की सुबह दी और एक्सिडेंट में मौत होने की बात कही. मृतक के परिवार वालों का कहना है कि जब सूचना पाकर वे रन्होला थाने पहुंचे तो IO सतवीर न सिर्फ हत्या के इस मामले को एक्सिडेंट बताते रहे, बल्कि पीड़ित परिवार वालों के साथ अभद्रता भी की.
थाने से लौटकर पीड़ित परिवार वालों ने पुलिस के रवैये से नाराजगी जताते हुए नजफगढ़-नांगलोई रोड जाम कर दिया. कई घंटों तक ट्रैफिक जाम करने की वजह से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद पीड़ित परिवार को शांत कराया और ट्रैफिक जाम खुलवाया.
मृतक के परिवार वालों ने कत्ल का शक मृतक के ही कुछ जानकारों पर जाहिर किया है. परिवार वालों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी अर्जुन के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी. पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है.