कर्नाटक के नेलमंगला इलाके में एक 27 साल के जिम ट्रेनर की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी. मृतक की पहचान दिलीप के रूप में हुई है, जो पेशे से फिटनेस ट्रेनर था और बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिताओं में कई खिताब भी जीत चुका था.
इस घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और उन्होंने इस मौत के पीछे साजिश और उत्पीड़न का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि दिलीप मानसिक दबाव में था और लगातार परेशान किया जा रहा था. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार रात की है, लेकिन इसका खुलासा तब हुआ जब एक महिला ने दिलीप की बहन को मैसेज भेजकर उसके आत्मघाती कदम के बारे में बताया. मैसेज मिलते ही परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे. वहां उन्होंने दिलीप को पंखे से लटका हुआ पाया. उसे तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
इस घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है और कई सवाल खड़े कर दिए हैं. वारदात के बारे में पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस की जांच में सामने आया है कि दिलीप की करीब दो साल पहले एक 42 वर्षीय शादीशुदा महिला से दोस्ती हुई थी. यह महिला उसी जिम में आती थी, जहां दिलीप ट्रेनर के तौर पर काम करता था. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता निजी हो गया.
पुलिस के मुताबिक, आत्महत्या से पहले दिलीप ने उस महिला को वीडियो कॉल भी किया था और अपने कदम के बारे में बताया था. इस एंगल को भी जांच में शामिल किया गया है और पुलिस सभी कॉल डिटेल्स खंगाल रही है. परिवार का आरोप है कि महिला दिलीप को पैसे और संपत्ति के लिए ब्लैकमेल कर रही थी और लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रही थी.
परिजनों ने बताया कि पहले भी इस मामले को लेकर पुलिस तक शिकायत पहुंची थी और महिला के पति की मौजूदगी में समझौता हुआ था. लेकिन इसके बावजूद कथित उत्पीड़न जारी रहा. परिजनों का कहना है कि इसी वजह से दिलीप ने यह कदम उठाया. उन्होंने आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल, नेलमंगला टाउन पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.