scorecardresearch
 

बॉयफ्रेंड के चक्कर में 'विलेन' बनी अरीबा, करोड़पति पिता के घर में डलवा दी डकैती, मुरादाबाद कांड की इनसाइड स्टोरी

मुरादाबाद के नागफनी इलाके में एक पीतल कारोबारी के घर हुई सवा करोड़ की सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. घर की बेटी ने ही अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
X
मुरादाबाद डकैती कांड में अरीबा, उसका प्रेमी और दो साथी गिरफ्तार (Photo- ITG)
मुरादाबाद डकैती कांड में अरीबा, उसका प्रेमी और दो साथी गिरफ्तार (Photo- ITG)

Uttar Pradesh News: मुरादाबाद के थाना नागफनी क्षेत्र स्थित अकबर कंपाउंड में 11 मई की सुबह करीब चार बजे एक पीतल कारोबारी के घर बड़ी डकैती हुई थी. अब खुलासा हुआ है कि कारोबारी मोहम्मद इमरान की बेटी अरीबा ने अपने प्रेमी अरशद वारसी और उसके तीन साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था. अलग जाति होने के कारण शादी में आ रही बाधा को दूर करने और नई जिंदगी शुरू करने के लिए आरोपियों ने सवा करोड़ रुपये की लूट की योजना बनाई. अरीबा ने पहले ही घर की चाबियां प्रेमी को सौंप दी थीं और वारदात के वक्त डिजिटल लॉक खोलकर बदमाशों को अंदर दाखिल करवाया.

सात साल का इश्क और करोड़ों की डकैती

कहते हैं प्यार अंधा होता है, लेकिन यहां प्यार ने अपनों का ही गला काट दिया. पीतल कारोबारी की बेटी अरीबा और अमरोहा के अरशद वारसी के बीच पिछले सात-आठ साल से इश्क का परवान चढ़ रहा था. शादी की राह में जाति की दीवार खड़ी हुई, तो दोनों ने दौलत के दम पर उस दीवार को गिराने का फैसला किया. 

अरीबा को घर की पाई-पाई की खबर थी. उसने प्रेमी को बताया कि घर में भारी मात्रा में कैश रखा है, जिसके बाद लालच और इश्क का ऐसा कॉकटेल बना कि बेटी ने ही अपने पिता के घर में डाका डलवा दिया.

साजिश की चाबी और खुला डिजिटल लॉक

यह डकैती महज इत्तेफाक नहीं, बल्कि एक महीने से बुना जा रहा जाल था. अरीबा ने बड़ी ही चतुराई से एक महीने पहले ही घर के मुख्य गेट की चाबी अरशद को थमा दी थी. 11 मई की सुबह जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तब अरीबा ने अंदर से डिजिटल लॉक खोलकर अपने ही घर के दरवाजे दुश्मनों के लिए खोल दिए. बदमाश तमंचे लहराते हुए अंदर घुसे और परिवार को बंधक बना लिया. जाते समय वे न केवल सवा करोड़ का कैश ले गए, बल्कि सुराग मिटाने के लिए सीसीटीवी का DVR भी उखाड़ ले गए.

Advertisement

ऐसे हुई आरोपियों की गिरफ्तारी

मुरादाबाद पुलिस के लिए यह मामला साख का सवाल बन गया था. एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देशन में चार टीमों ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कड़ियां जोड़ीं, तो शक की सुई घर के अंदर ही टिकी. अरीबा, उसके प्रेमी अरशद और तीन अन्य साथियों की गिरफ्तारी के साथ ही इस काले खेल का अंत हुआ. पुलिस ने इनके पास से 47 लाख 24 हजार रुपये नकद, चार तमंचे, पांच मोबाइल और दो कारें बरामद की हैं. फिलहाल पुलिस बाकी की रकम और अन्य फरार साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.

---- समाप्त ----
इनपुट- जगत गौतम
Live TV

Advertisement
Advertisement