कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में महिलाओं के अंडरगारमेंट चोरी करने वाला युवक आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया. इल्जाम है कि 23 वर्षीय युवक महिलाओं के अंडरगारमेंट चोरी करने के बाद रातभर उन्हें पहनता था और अगले दिन उसी जगह वापस रखकर नया अंडरगारमेंट चुरा लेता था. लगातार हो रही इस अजीब चोरी से परेशान दो युवतियों ने कपड़े सुखाने की जगह हिडेन कैमरा लगाया, जिसमें आरोपी की पूरी करतूत कैद हो गई. इसी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
यह मामला बेंगलुरु के इंदिरानगर थाना क्षेत्र के होयसला नगर का है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय अब्दुल हुसैन के रूप में हुई है, जो असम का रहने वाला है. आरोपी पर आरोप है कि वह रात के समय घरों की छतों पर सूखने के लिए डाले गए महिलाओं के अंडरगारमेंट चोरी कर लेता था. इसके बाद वह उन्हें अपने पास रखकर इस्तेमाल करता था.
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी की हरकत बेहद अजीब थी. वह रात में महिलाओं के अंडरगारमेंट चोरी करता और कथित तौर पर उन्हें पहनता था. अगले दिन वह उसी जगह पहले चुराया गया इस्तेमाल किया हुआ अंडरगारमेंट वापस रख देता था और वहां से नया अंडरगारमेंट चुराकर ले जाता था. इस तरह वह लगातार अपनी इस हरकत को दोहराता रहा, जिससे महिलाएं परेशान हो गई थीं.
होयसला नगर में रहने वाली दो युवतियों ने कई दिनों तक देखा कि उनके नए अंडरगारमेंट रात में गायब हो जाते थे, लेकिन अगले दिन पहले गायब हुआ अंडरगारमेंट वापस उसी जगह मिल जाता था. इस अजीब घटना ने उन्हें हैरान कर दिया. जब ऐसा बार-बार होने लगा तो उन्हें शक हुआ कि कोई जानबूझकर ऐसा कर रहा है. इसके बाद उन्होंने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई.
दोनों युवतियों ने अपनी छत पर एक छिपा हुआ कैमरा लगा दिया. 2 जुलाई की रात करीब तीन बजे कैमरे में आरोपी की पूरी करतूत रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में वह पहले पुराना अंडरगारमेंट वापस रखते हुए दिखाई देता है. इसके बाद वह वहां रखा नया अंडरगारमेंट उठाता है और उसके साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत करने के बाद उसे लेकर वहां से फरार हो जाता है.
छिपे हुए कैमरे में रिकॉर्ड हुए वीडियो के आधार पर इंदिरानगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. शुरुआती रिपोर्ट में आरोपी की पहचान को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई, लेकिन पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अब्दुल हुसैन के रूप में की है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या आरोपी ने इसी तरह की घटनाओं को अन्य इलाकों में भी अंजाम दिया है?
पूर्वी बेंगलुरु के डीसीपी डॉ. विक्रम अमाथे ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोपी के व्यवहार के पीछे मनोवैज्ञानिक फेटिश (Psychological Fetish) होने की आशंका है. उनके अनुसार आरोपी में महिला जैसी व्यवहारिक प्रवृत्तियां दिखाई देती हैं. वह कथित तौर पर महिलाओं के अंडरगारमेंट चोरी करता, उन्हें एक बार पहनता और फिर इस्तेमाल किए हुए कपड़े वापस रखकर नया अंडरगारमेंट ले जाता था, अब तक ऐसे दो मामलों की पुष्टि हुई है.
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इस तरह की हरकत कितनी बार की है. आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत भी खंगाले जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में और पीड़ित सामने आते हैं तो आरोपी के खिलाफ अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.