असम के गुवाहाटी की रहने वाली एक कॉलेज छात्रा की आंध्र प्रदेश में संदिग्ध हालात में मौत हो गई. छात्रा डांस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आंध्र प्रदेश गई थी और 6 अक्टूबर की रात विशाखापट्टनम से ट्रेन में सवार होकर गुवाहाटी लौट रही थी. दो दिन बाद उसकी लाश आंध्र प्रदेश में रेलवे ट्रैक के पास बरामद हुई. घटना के बाद परिवार ने इसे हत्या का मामला बताते हुए पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है.
परिवार के मुताबिक, छात्रा गुवाहाटी के बोंडा इलाके की रहने वाली थी और एक स्थानीय कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी. वह एक डांस ट्रूप के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आंध्र प्रदेश गई थी. बाकी सदस्यों के बाद उसे अकेले गुवाहाटी लौटना था, क्योंकि उसकी परीक्षा होने वाली थी. इसी वजह से उसने 6 अक्टूबर को विशाखापत्तनम से घर के लिए ट्रेन पकड़ी थी.
परिजनों के अनुसार, छात्रा रात करीब 12.15 बजे विशाखापट्टनम स्टेशन से ट्रेन में सवार हो गई थी. एक स्थानीय परिचित उसे स्टेशन तक छोड़ने आया था. स्टेशन की सीसीटीवी फुटेज में भी छात्रा उस व्यक्ति के साथ दिखाई दी. इसके बाद वह ट्रेन के एक कोच में चढ़ती नजर आई, जहां उसके आसपास कई अन्य यात्री मौजूद थे.
ट्रेन में सवार होने के कुछ देर बाद छात्रा ने अपनी भाभी और एक अन्य दोस्त को फोन किया था. परिवार के मुताबिक, उसने फोन पर बताया था कि वह कोच के अंदर खुद को असहज महसूस कर रही है. उसका कहना था कि आसपास कुछ लोग नशे की हालत में थे और उनकी मौजूदगी से उसे असुरक्षित महसूस हो रहा था. इसके बाद उसने कोच के अंदर का एक वीडियो भी अपने दोस्त के साथ शेयर किया था.
परिवार के अनुसार, छात्रा से रात करीब 2.30 से 3 बजे के बीच संपर्क टूट गया. इसके बाद परिजनों ने रेलवे हेल्पलाइन से संपर्क किया और ट्रेन से जुड़ी पूरी जानकारी अधिकारियों को दी. परिवार का कहना है कि उन्हें बताया गया था कि उसकी स्थिति का पता लगाने के लिए रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स यानी RPF की टीम भेजी जा रही है. हालांकि, इसके बाद परिवार को उसकी सुरक्षित होने की कोई जानकारी नहीं मिली.
अब छात्रा का शव आंध्र प्रदेश में रेलवे ट्रैक के पास मिलने से परिवार ने कई सवाल उठाए हैं. उसकी भाभी का आरोप है कि अगर समय रहते रेलवे पुलिस ने उसकी जांच की होती तो शायद हालात अलग हो सकते थे. परिवार के मुताबिक, छात्रा के दोनों बैग ट्रेन के कोच के अंदर ही मिले हैं और वे सही हालत में थे. इसी आधार पर परिजन मामले की गहन जांच और मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग कर रहे हैं.
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय डिमोरिया विधायक तपन दास भी शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छात्रा का शव वापस गुवाहाटी लाने की व्यवस्था करेगी. उनके मुताबिक, सबसे पहले आंध्र प्रदेश में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. इसके बाद फ्लाइट के जरिए शव को गुवाहाटी लाने की व्यवस्था की जाएगी, क्योंकि गुवाहाटी के लिए कोई सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं है.
विधायक तपन दास ने कहा कि सरकार इस प्रक्रिया के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है. कोशिश की जा रही है कि पोस्टमार्टम के बाद शव को जल्द से जल्द गुवाहाटी लाया जाए और इसके लिए परिवार के किसी सदस्य को शव लेने के लिए वहां जाने की जरूरत न पड़े. फिलहाल परिवार छात्रा की मौत की परिस्थितियों की पूरी जांच और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को सामने लाने की मांग कर रहा है.