सोना-चांदी की कीमतों (Gold-Silver Rate) में जारी धुआंधार तेजी पर सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को ब्रेक लग गया. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं का भाव मार्केट ओपन होने के साथ ही भरभराकर टूट गया. चांदी एक झटके में 4500 रुपये प्रति किलोग्राम से ज्यादा सस्ती हो गई. तो वहीं कीमती पीली धातु सोने का दाम भी 1300 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा कम हो गया.
चांदी अचानक फिर होने लगी क्रैश
लंबे समय तक टूटने के बाद बीते सप्ताह चांदी की वायदा कीमत में उछाल आना शुरू हुआ था और ये बीते कारोबारी दिन सोमवार तक जारी रहा था. लेकिन मंगलवार को MCX Silver Price खुलने के साथ ही फिसल गया. सोमवार को कारोबार के अंत में 4 सितंबर की एक्सपायरी वाली चांदी का भाव 2,21,173 रुपये प्रति किलोग्राम पर क्लोज हुआ था और ये खुलने के साथ ही गिरते हुए 2,16,592 रुपये पर आ गया. इस हिसाब से चांदी 4581 रुपये सस्ती हो गई.
फिर 2 लाख रुपये सस्ती Silver
मंगलवार को चांदी की वायदा कीमत में आई गिरावट के चलते अब ये कीमती धातु एक बार फिर अपने लाइफ टाइम हाई लेवल से 2 लाख रुपये से ज्यादा सस्ती हो गई है. दरअसल, बता दें कि इस साल जनवरी महीने में 1 Kg Silver Price इतिहास रचते हुए 4 लाख के ऐतिहासिक आंकड़े के पार निकला था और 4,20,048 रुपये के हाई छुआ था, जहां से वर्तमान भाव 2,03,456 रुपये कम है.
सोना भी खुलते ही हुआ धड़ाम
चांदी के साथ ही बात करें सोने का वायदा कीमत में आए बदलाव के बारे में तो, MCX Gold Rate भी खुलने के साथ ही धड़ाम हो गया. 5 अगस्त की एक्सपायरी वाला सोना बीते सोमवार को 1,43,063 रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल पर बंद हुआ था और मंगलवार को इसकी ओपनिंग गिरावट के साथ 1,41,759 रुपये पर हुई. इस हिसाब से देखें, तो 10 Gram 24 Karat Gold Rate 1304 रुपये गिर गया.
चांदी की तरह सोना भी वायदा कारोबार में इस साल 29 जनवरी को पहली बार 2 लाख रुपये के स्तर के पार निकला था और अपने हाई लेवल से अभी 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 50 हजार रुपये से ज्यादा की गिरावट में कारोबार कर रहा है.
4 दिन में इतना बदला Gold-Silver रेट
बीते सप्ताह के शुरुआती तीन दिनों में सोना-चांदी की कीमतों में ताबड़तोड़ तेजी देखने को मिली थी, इसके बाद इन कीमती धातुओं की रफ्तार में कुछ सुस्ती देखने को मिली. पिछले चार कारोबारी दिनों में देखें, तो 22 जुलाई को 10 ग्राम सोना 1,45,680 रुपये पर मिल रहा था, जहां से ये 3921 रुपये सस्ती हो गया है. वहीं चांदी की कीमत 2,26,998 रुपये प्रति किलो से 10,406 रुपये कमजोर हुई है.
(नोट: सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)