हर महीने की शुरुआत में आम लोगों से जुड़े ढेर सारे बदलाव देखने को मिलता है. इसमें से कुछ बदलाव हर महीने होते हैं, जिसमें एलपीजी की कीमत, सीएनजी-पीएनजी के दाम, जेट फ्यूल जैसी चीजें शामिल होती हैं. साथ ही कुछ नए बदलाव भी लागू होते हैं. मई में भी आम लोगों के मतलब के कई बदलाव हो रहे हैं. आइए जानते हैं कौन-कौन से बदलाव लागू हो रहे हैं...
पहला बदलाव: एलपीजी की कीमत
तेल कंपनियों ने एलपीजी के दाम में इजाफा कर दिया है. 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम और 5 किलो वाले सिलेंडर के दाम में इजाफा हुआ है. एएनआई के अनुसार, अब 19 किलो सिलेंडर दिल्ली में 3000 रुपये के पार पहुंच गया है. इसके साथ ही 5 किलो वाले सिलेंडर के दाम में 261 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. 5 किलो वाला सिलेंडर अब 810 रुपये में मिलेगा.
दूसरा बदलाव: डीजल और एटीएफ पर एक्सपोर्ट ड्यूटी कम
केंद्र सरकार ने 1 मई से एक और बड़ा बदलाव किया है. डीजल और जेट फ्यूल यानी ATF पर एक्सपोर्ट ड्यूटी कम कर दी है. डीजल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी 23 रुपये प्रति लीटर और जेट फ्यूल पर इस चार्ज को 33 रुपये प्रति लीटर तय कर दिया है. वहीं पेट्रोल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी को शून्य रखा गया है.
तीसरा बदलाव: एसबीआई क्रेडिट कार्ड का नियम
1 मई 2026 से होने वाला तीसरा बदलाव क्रेडिट कार्ड यूजर्स के लिए है. SBI Card की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, लेट पेमेंट चार्ज से लेकर एनुअल फीस तक को लेकर चेंज किया गया है. आज से 100 रुपये से ज्यादा और 500 रुपये तक के बकाया अमाउंट के लिए लेट पेमेंट चार्ज (LPC) को बदलकर 100 रुपये कर दिया जाएगा. इसके अलावा 500 रुपये से ज्यादा और 1,000 रुपये तक की बकाया राशि के लिए ये शुल्क 500 रुपये कर दिया जाएगा. इसके अलावा अन्य चार्ज जस के तस रहेंगे. इसके अलावा BPCL SBI Credit Card के लिए लागू 499 रुपये की एनुअल फीस को अब 1 लाख रुपये के सालाना खर्च पर वापस किया जाएगा, जो अभी 50,000 रुपये है.
चौथा बदलाव: बैंक हॉलिडे
भारतीय रिजर्व बैंक हर महीने बैंकों के अवकाश का कैलेंडर जारी करता है. मई महीने के दौरान भी ढेर सारी छुट्टियां पड़ने जा रही हैं. 1 मई को महाराष्ट्र डे पड़ रहा है. इसके साथ ही लेबर-डे, रविंद्रनाथ टैगोर के जन्मदिन से लेकर Eid Ul Adha तक तमाम मौकों पर बैंकों में छुट्टियां घोषित हैं. अलग-अलग राज्यों में ये बैंक हॉलिडे अलग-अलग हो सकते हैं. इस दौरान ऑनलाइन बैंकिंग (Online Banking) का इस्तेमाल कर बैंकिंग काम निपटाए जा सकते हैं.
पांचवां नियम: ऑनलाइन गेमिंग का नियम
1 मई से ऑलनाइन गेमिंग से जुड़े नियम में बदलाव हो रहा है. सरकार द्वारा लागू किए जा रहे Online Gaming Rules 2026 के तहत इस सेक्टर के लिए ऑनलाइन गेमिंग अथॉरिटी ऑफ इंडिया (OGAI) का गठन होगा. इसका काम निगरानी और रेग्युलेशन करना होगा. ऑनलाइन गेम्स को तीन हिस्सों में बांटा जाएगा, जिनमें Online Money Games, Online Social Games और E-Sports शामिल होंगे. जिन प्लेटफॉर्म पर पैसे से जुड़े गेम खेले जाते हैं, उनके लिए रजिस्ट्रेशन करना जरूरी होगा.